IND vs ENG: जब ओवल में गरजा था रोहित शर्मा का बल्ला, टीम इंडिया ने रचा था इतिहास!
IND vs ENG Team India record: टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच 31 जुलाई से लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। यह वही मैदान है जहां भारत ने आखिरी बार 2021 में टेस्ट जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर की पहली विदेशी सेंचुरी लगाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। लेकिन इस बार रोहित शर्मा टीम का हिस्सा नहीं हैं।
ऐसा रहा था भारत का प्रदर्शन (IND vs ENG Team India record)
साल 2021 के उस टेस्ट की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही थी। पहली पारी में टीम इंडिया महज 191 रन पर ऑलआउट हो गई थी। कप्तान विराट कोहली ने 50 रन बनाए थे जबकि शार्दुल ठाकुर ने सिर्फ 36 गेंदों में 57 रन ठोक डाले थे। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में 290 रन बनाकर 99 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। ओली पोप (81 रन) और क्रिस वोक्स (50 रन) ने अहम योगदान दिया।

रोहित शर्मा ने किया कमाल
इसके बाद दूसरी पारी में रोहित शर्मा ने कमाल कर दिखाया। उन्होंने 256 गेंदों पर शानदार 127 रनों की पारी खेली। उनके अलावा पुजारा ने 61, पंत ने 50 और शार्दुल ठाकुर ने 60 रन बनाए। भारत ने कुल 466 रन बनाकर इंग्लैंड को 367 रनों का बड़ा टारगेट दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम दूसरी पारी में सिर्फ 210 रन पर सिमट गई और भारत ने मैच 157 रनों से जीत लिया। इंग्लैंड के लिए हसीब हमीद ने 63 और रोरी बर्न्स ने 50 रन बनाए लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके।
जीत के हीरो रहे रोहित शर्मा
इस जीत के हीरो रहे रोहित शर्मा, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह मैच कई मायनों में खास था, क्योंकि भारत ने इंग्लैंड को उसी के घर में हराकर इतिहास रच दिया था। अब 2025 में एक बार फिर टीम इंडिया ओवल के उसी मैदान पर उतरेगी। क्या शुभमन गिल और उनकी टीम फिर से इतिहास दोहराएगी? यह देखना बेहद दिलचस्प होगा। फैंस को एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications