ऋषभ पंत ने तोड़ा धोनी का 16 साल पुराना टेस्ट रिकॉर्ड, पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था माही ने
बर्मिंघम, जुलाई 01। एजबेस्टन के ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय टीम की ओर से ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ दिया है। पंत ने ना सिर्फ तूफानी पारी खेलते हुए सिर्फ 89 गेंदों में शतक पूरा किया है बल्कि उन्होंने जरूरत के समय टीम को मुश्किल से निकालने का काम किया है। ऋषभ ने टेस्ट करियर का पांचवा शतक लगाया है। इसके अलावा पंत ने इस शतक के जरिए महेंद्र सिंह धोनी का एक खास रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो धोनी ने साल 2006 में बनाया था।

क्या है वो खास रिकॉर्ड
दरअसल, ऋषभ पंत बतौर विकेटकीपर भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एमएस धोनी का रिकॉर्ड ब्रेक किया है। पंत ने 89 गेंदों में 15 चौके और एक छक्के की मदद से शतक पूरा किया, जबकि धोनी ने साल 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ फैसलाबाद में 93 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी। यह धोनी के करियर का पहला टेस्ट शतक था। अपनी इस पारी में उन्होंने 153 गेंदों में 148 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 19 चौके और 4 छक्के जड़े थे।
पंत ने 111 गेंदों में बनाए 146 रन
आपको बता दें कि ऋषभ पंत जब बल्लेबाजी करने के लिए आज क्रीज पर आए थे तो उस वक्त भारत का स्कोर 64-3 था। टीम इंडिया को एक महत्वपूर्ण साझेदारी की जरूरत थी और वो पंत और जडेजा की जोड़ी ने दी। पंत ने शुरु से ही आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। उन्होंने 51 गेंदों में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की थी। ऋषभ की यह पारी 146 रन पर खत्म हुई। पंत ने जब शतक पूरा किया तो कोच राहुल द्रविड़ की खुशी का भी ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने खड़े होकर सम्मान तालियां बजाई।












Click it and Unblock the Notifications