IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड को दिया 399 का लक्ष्य, तीसरे दिन मेहमान टीम ने बनाया 67/1 का स्कोर
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में भारतीय टीम 255 रनों के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई। टीम इंडिया ने कुल 398 रनों की लीड हासिल कर ली। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 399 रनों का लक्ष्य दिया है। शुभमन गिल के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली। इंग्लैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक 1 विकेट पर 67 रन बनाए, जीत के लिए अभी 332 रन की दरकार है।
इंग्लैंड के लिए यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल है लेकिन नामुमकिन नहीं है। इंग्लिश टीम बैजबॉल क्रिकेट में भरोसा रखती है। ऐसे में उनके खिलाड़ी आज के दिन तेजी से बल्लेबाजी करते हुए नज़र आने वाले हैं। भारतीय टीम जल्दी विकेट लेना चाहेगी।

चायकाल का सेशन समाप्त होने तक भारतीय टीम ने शुभम गिल का विकेट गंवा दिया था। वह शतक के बाद आउट हुए थे। इसके बाद अक्षर पटेल भी आउट हो गए थे। गिल ने 104 और पटेल ने 45 रनों की पारी खेल भारतीय पारी को डूबने से बचा लिया।
अंत में कुछ रन रविचंद्रन अश्विन के बल्ले से आए। केएस भरत का फ्लॉप खेल जारी रहा, वह 6 रन बनाकर आउट हो गए। अश्विन ने 29 रनों की पारी खेल भारतीय टीम को 250 के पर पहुंचा दिया। अंतिम बल्लेबाज के रूप में वह आउट हुए और भारत की पारी 255 पर समाप्त हुई।
टॉम हार्टली दूसरी पारी में चमके हैं। उनके खाते में कुल 4 विकेट आए हैं। उनके अलावा तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने जलवा बिखेरते हुए 2 खिलाड़ी आउट किये। रेहान अहमद को 3 विकेट मिले। शोएब बशीर ने भी एक विकेट अपने नाम किये। इस तरह सामूहिक प्रयास गेंदबाजों की तरफ से देखने को मिला।
भारत से मिले लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने मजबूत और तेज शुरुआत की। जैक क्रॉली और बेन डुकेट ने पहले विकेट के लिए पचास रनों की भागीदारी की। अश्विन ने डुकेट को 28 रन पर आउट कर इस भागीदारी को तोड़ा। नाइट वॉचमैन के रूप में रेहान अहमद को भेजा गया। वह टिके रहे और इंग्लैंड ने खेल समाप्ति तक 1 विकेट पर 67 रन बनाए। क्रॉली 29 और अहमद 9 रन बनाकर क्रीज पर थे।












Click it and Unblock the Notifications