2nd T20I: भारत ने 49 रनों से मैच जीतकर सीरीज में ली 2-0 की अजेय बढ़त, सीनियरों की शानदार वापसी
बर्मिंघम, 9 जुलाई: भारतीय क्रिकेट टीम ने एजबेस्टन में इंग्लैंड को दूसरे टी20 मुकाबले में 49 रनों से बुरी तरह मात देकर तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने पहला मुकाबला भी 50 रनों के भारी अंतर से जीता था। तब युवाओं से भरी टीम सफल हुई थी और अब सीनियर खिलाड़ियों ने भी अपना दमखम दिखाया। इसके साथ ही भारत ने लगातार दो मुकाबले जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप का विकल्प खोल दिया है।

भारत ने यहां पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे जिसके जवाब में इंग्लिश टीम मात्र 17 ओवर में 121 रनों पर ढेर हो गई।
यह मैच भारतीय टीम के लिए विराट कोहली के सिवा बाकी सीनियर खिलाड़ियों के योगदान के नाम रहा। पहले बैटिंग में ठीक-ठाक प्रदर्शन करने के बाद सीनियर खिलाड़ियों में गेंदबाजी का जलवा भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल की ओर से देखने को मिला।
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम के ओपनर फिर से भुवनेश्वर की स्विंग पर फंस गए क्योंकि भुवी ने जेसन रॉय को 0 और कप्तान बटलर को केवल 4 रनों के स्कोर पर चलता कर दिया।
इसके बाद डेविड मलान (19) और लिविंगस्टोन (15) के बीच छोटी साझेदारी को बुमराह ने तोड़ दिया जब उन्होंने लियाम को क्लीन बोल्ड कर दिया। हैरी ब्रूक (8) और मलान को युजवेंद्र चहल ने अपनी फिरकी में फंसाया।
बुमराह ने सैम करन को भी 2 रनों पर आउट कर दिया और फिर हार्दिक पांड्या ने 35 रन बनाकर टिक रहे मोइन अली को आउट कर दिया।
इसके बाद इंग्लैंड ने क्रिस जॉर्डन और रिचर्ड ग्लीसन के तौर पर तेजी से दो और विकेट खोए।
लेकिन अंतिम विकेट पर डेविड विली ने लड़ाई लड़ी और तेजी से कुछ शॉट्स खेलते हुए अपने स्कोर को 30 पार कर दिया। विली अंत तक नाबाद रहे और 33 बनाकर लौटे।
गेंदबाजों में भुवी ने 3 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। बुमराह ने 3 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। चहल को 2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट मिले। हार्दिक और हर्षल को 1-1 विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications