IND vs ENG: रोहित शर्मा के तेज अर्धशतक के साथ भारत ने पहले ODI में इंग्लैंड को 10 विकेट से कुचला
लंदन, 12 जुलाई: भारतीय टीम के लिए वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बेहद शानदार रहा। पहले जसप्रीत बुमराह के 6 विकेटों के दम पर इंग्लैंड को 110 रनों पर समेट दिया और फिर बिना कोई विकेट खोए 18.4 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा की फॉर्म वापसी सोने पर सुहागा रही जिन्होंने इस मैच में तेज अर्धशतक लगाकर भारत की जीत में अधिक विलंब नहीं होने दिया।

रोहित ने केवल 58 गेंदों पर 76 रनों की नाबाद पारी खेली और शिखर धवन 54 गेंदों पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे।भारतीय पारी की सबसे बड़ी खासियत रोहित का बल्लेबाजी अंदाज और धवन के पुरानी जोड़ी वाली जुगलबंदी रही। जहां धवन ने रोहित के लिए विकेट के एक छोर पर खूंटा गाड़े रखा तो वहीं भारतीय कप्तान ने अपना हिटमैन अवतार फिर से दिखाया।
रोहित ने 6 चौके और 5 दिलकश छक्के लगाकर फॉर्म को मानों अपनी मुट्ठी में कर लिया है। भले ही यह क्रिकेट का एक और लंबा फॉर्मेट है लेकिन रोहित का पुराना टच दिखना बहुत जरूरी था, खासकर तब जब विराट कोहली क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में बुरी तरह संघर्ष कर रहे हैं।
रोहित ने शुरुआती स्तर पर संभलकर खेला और फिर आंखे जमने के बाद गजब के शॉट खेले। वे शॉर्ट गेंदों पर दर्शनीय पुल लगाकर छक्के निकालते रहे। एक बार भी रोहित को देखकर नहीं लगा कि वे तेजी कर रहे हैं और यही उनकी फॉर्म में वापसी की सबसे बड़ी खासियत होती है।
इस मैच में सबकी नजरें विराट कोहली पर भी थी लेकिन वे चोटिल होकर बाहर बैठे हैं जिसके चलते श्रेयस अय्यर को नंबर तीन पर खिलाया गया था।
इंग्लिश गेंदबाजी की बात करें तो कोई भी भारतीय ओपनरों पर प्रभाव छोड़ने में कामयाब नहीं रहा।
इससे पहले भारत ने जसप्रीत बुमराह के 19 रन देकर 6 विकेट के प्रदर्शन पर मैच की रुपरेखा खींची थी। ये बुमराह के करियर की बेस्ट बॉलिंग थी। शमी ने भी 31 रन देकर 3 विकेट लिए और प्रसिद्ध कृष्णा एक और प्रभावित करने वाले बॉलर रहे।












Click it and Unblock the Notifications