IND vs BAN: वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट
भारतीय टीम की तरफ से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक देखने को मिले हैं। रोहित शर्मा ने तीन बार यह कारनामा किया है।
Indian Batters with Double Centuries in ODIs: वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने के बारे में पहले सोचा भी नहीं जाता था लेकिन समय के साथ क्रिकेट में बदलावों के साथ यह संभव होता चला गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे पहले दोहरा शतक ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर बेलिंडा क्लार्क ने साल 1997 में डेनमार्क के खिलाफ लगाया था। हालांकि पुरुष क्रिकेट में यह कारनामा सबसे पहले सचिन तेंदुलकर ने किया था। इसके बाद अन्य बल्लेबाजों ने भी ऐसा किया। टी20 क्रिकेट के कारण यह सब संभव हुआ। भारतीय टीम से वर्ल्ड क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा दोहरे शतक देखने को मिले हैं। उनका जिक्र यहां किया गया है।

सचिन तेंदुलकर
इस दिग्गज बल्लेबाज ने पुरुष क्रिकेट में सबसे पहले दोहरा शतक बनाया था। दक्षिण अफ़्रीकी टीम के खिलाफ तेंदुलकर ने ऐसा किया था। ग्वालियर के कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में तेंदुलकर ने साल 2010 में वनडे क्रिकेट में डबल सेंचुरी जमाई थी। सचिन तेंदुलकर ने 147 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 200 रनों की पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया था। उसके बाद वनडे क्रिकेट में दोहरे शतक आने शुरू हो गए।

वीरेंदर सहवाग
सचिन तेंदुलकर के बाद वीरेंदर सहवाग भी कहाँ पीछे रहने वाले थे। उन्होंने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए दोहरा शतक जमा दिया। साल 2011 में इंदौर के होल्कर स्टेडियम में सहवाग ने 219 रनों की धाकड़ पारी खेली। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में मेहमान वेस्टइंडीज टीम को 153 रनों के बड़े अंतर से हराया था।

रोहित शर्मा
वनडे इतिहास में रोहित शर्मा इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके नाम तीन दोहरे शतक दर्ज हैं। सबसे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ साल 2013 में दोहरा शतक जमाया था। रोहित शर्मा ने बैंगलोर वनडे मैच में 209 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने अगले दो दोहरे शतक श्रीलंकाई टीम के खिलाफ जड़े। 2014 में उन्होंने कोलकाता में 264 रन बनाए। यह वनडे अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। 2017 में उन्होंने मोहाली में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 208 रन बनाए।

इशान किशन
इस लिस्ट में ताजा नाम अब इशान किशन का जुड़ गया है। किशन ने चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ महज 126 गेंदों में 200 रन बनाते हुए सभी रिकॉर्ड तोड़ डाले। वह वनडे इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे पहले क्रिस गेल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 138 गेंदों में दोहरा शतक जमाया था। किशन ने 131 गेंदों में 210 रनों का स्कोर बनाया।












Click it and Unblock the Notifications