VIDEO: श्रेयस अय्यर बांग्लादेश की धज्जियां उड़ाने के लिए फिर से तैयार, कड़े नेट अभ्यास का वीडियो वायरल
पहले टेस्ट मैच में धाकड़ बैटिंग करने वाले अय्यर एक बार फिर से तैयार हैं। उनके नेट अभ्यास का वीडियो वायरल हो गया है।

IND vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम की जीत में श्रेयस अय्यर का अहम योगदान रहा था। अय्यर ने पहली पारी में टीम इंडिया के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों की पारी खेली थी। हालांकि यह अय्यर का दुर्भाग्य था कि वह शतक नहीं बना पाए। वह दूसरे टेस्ट के लिए भी पूरी तैयारी में जुटे हैं। अय्यर का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह नेट अभ्यास कर रहे हैं और अपनी तकनीक पर काम कर रहे हैं।
नेट सेशन के इस वीडियो में अय्यर के साथ टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ भी नज़र आ रहे हैं। वह उनको अभ्यास करवा रहे हैं। विक्रम राठौड़ ने थ्रोडाउन अभ्यास भी अय्यर को कराया है।अय्यर को इसमें पूरी तरह से अपनी तकनीक और कौशल पर काम करते हुए देखा जा सकता है। पिछले मैच में उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट जड़ते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया था। इस बार भी उनका लक्ष्य क्रीज पर ज्यादा समय तक टिककर खेलने का है, इसलिए वह नेट सेशन में जमकर पसीना बहाते दिखे हैं।
पिछले मैच में अय्यर की रही अहम भूमिका
चटगाँव में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया को संकट से निकालने का काम किया था। पहली पारी में भारत के कुछ अहम विकेट गिरने के बाद उन्होंने 82 रन बनाए और टीम इंडिया का स्कोर 400 के पार पहुंचाने में मदद की। अय्यर के अलावा पुजारा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 90 रनों की अहम पारी खेली थी। इस बार भी अय्यर की बल्लेबाजी भारतीय टीम के लिहाज से अहम रहने वाली है।
केएल राहुल ही होंगे कप्तान
पिछले मैच में केएल राहुल ने भारतीय टीम की कमान संभाली थी। उनको रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में कप्तान बनाया गया था। रोहित शर्मा इस बार भी टीम से बाहर हैं। रोहित को वनडे सीरीज के दौरान अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बाद वह बाहर हो गए थे। बीसीसीआई ने किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए रोहित शर्मा को दूसरे टेस्ट से भी बाहर रखा है।
भारतीय टीम में ये खिलाड़ी हैं
भारत: केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।












Click it and Unblock the Notifications