IND vs BAN: भारत ने बांग्लादेश को आजादी दिलायी, टेस्ट मैच की शुरुआत भी करायी
बांग्लादेश टीम ने साल 2000 में अपना पहले टेस्ट मुकाबला खेला था। भारतीय टीम इस मैच में खेलने के लिए वहां गई थी। मेजबान देश को हार का सामना करना पड़ा था।

IND vs BAN 2nd Test: बांग्लादेश के लिए भारत का महत्व बहुत खास है। उसे भारत के कारण ही आजादी मिली थी। बांग्लादेश के टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत भी भारत से खेल कर हुई थी। बांग्लादेश की राजनीति की तरह क्रिकेट भी बहुत उतार-चढ़ाव वाला रहा है। क्रिकेट के खेल में उसके नाम पर कुछ उपलब्धियां दर्ज हैं तो कई शर्मनाक रिकॉर्ड भी जुड़े हैं। बांग्लादेश को 21 टेस्ट और 23 वनडे में लगातार हार का समना करना पड़ा है। किसी देश के लिए लगातार हार की यह सबसे बड़ी संख्या है। दूसरी तरफ बांग्लादेश के मौजूदा कप्तान शाकिबुल हसन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर में से एक हैं। वे दुनिया के केवल चौथे ऑलराउंडर हैं जिन्होंने एक टेस्ट में शतक और 10 विकेट लिये हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के एलेन डेविडसन, इंग्लैंड के इयान बॉथम और पाकिस्तान के इमरान खान ने ही यह रिकॉर्ड बनाया था। शाकिबुल हसन 2015 में क्रिकेट के तीनों फॉरमेट में नम्बर एक ऑलराउंडर थे। बांग्लादेश दुनिया का केवल तीसरा देश है जिसने अपने 100वें टेस्ट, 100वें वनडे और 100वें टी-20 में जीत हासिल की है। इसके पहले ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान ही ऐसा कर पाये हैं। बांग्लादेश ने सन 2000 में अपना पहला टेस्ट मैच भारत के खिलाफ खेला था जिसमें उसकी हार हुई थी।
BAN vs IND 2nd Test: केएल राहुल प्रैक्टिस के दौरान हुए चोटिल, दूसरे टेस्ट में खेलना मुश्किल
पाकिस्तान ने केवल एक बांग्लादेशी को टेस्ट टीम में चुना
जब बांग्लादेश (पूर्वी पाकिस्तान) पाकिस्तान का हिस्सा था तब उसके साथ राजनीति के अलावा क्रिकेट में भी घोर भेदभाव होता था। पाकिस्तान क्रिकेट टीम में पंजाब, सिंध, बलूचिस्तान के खिलाड़ी तो शामिल किये जाते थे लेकिन पूर्वी पाकिस्तान के क्रिकेटरों को मौका नहीं मिलता था। पाकिस्तान बांग्लादेशियों को कितनी हिकारत की नजर से देखता था, वह इस वाकये से समझा जा सकता है। 1969 में न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान के दौरे पर आयी थी। ढाका में टेस्ट मैच खेला जाने वाला था। तब रकीबुल हसन बांग्लादेश के उभरते हुए होनहार खिलाड़ी थे। उनकी उम्र उस समय 16 साल थी और पाकिस्तान की जूनियर टीम में शामिल थे। चूंकि ढाका में मैच था तो पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने रकीबुल हसन को टीम में शामिल कर लिया। वे पहले बांग्लादेशी थे जो पाकिस्तान की टेस्ट टीम में चुने गये थे। लेकिन पाकिस्तान ने रकीबुल हसन को 12वां खिलाड़ी बना कर जले पर नमक छिड़क दिया। बांग्लादेश के कई क्रिकेटर लाहौर और कराची जा कर खेलते थे। लेकिन उनको भी नहीं चुना जाता था। 1971 में जब भारत ने पाकिस्तान को हरा कर बांग्लादेश को आजाद कराया तब वहां क्रिकेट के लिए माहौल बना। उसे टेस्ट मान्यता हासिल करने में 29 साल लग गये।
देश के पहले टेस्ट में अमीनुल इस्लाम का शतक
बांग्लादेश में टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत भारत ने की। नवम्बर 2000 में सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत की टीम बांग्लादेश के दौरे पर गयी। ढाका के बंगबंधु स्टेडियम में एक मात्र टेस्ट खेला जाना था। नईमुर रहमान की कप्तानी में बांग्लादेश के 11 खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया। टॉस जीत कर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी चुनी। इस नवोदित टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। अमीनुल इस्लाम के 145 और हबीबुल बसर के 71 रनों की बदौलत बांग्लादेश ने अपनी पहली टेस्ट पारी 400 रनों पर खत्म की। इस मैच में बांग्लादेश के छह विकेट 231 पर ही गिर गये थे। लेकिन बाद में पुछल्ले बल्लेबाजों के योगदान के कारण स्कोर 400 तक पहुंच गया था। भारत के स्पिनर सुनील जोशी ने पांच विकेट लिये। जहीर खान और अजीत अगरकर को 2-2 और सचिन तेंदुलकर को एक विकेट मिला।
डेब्यू टेस्ट में बांग्लादेश की हार
इस टेस्ट में भारत की तरफ से शिवसुंदर दास, सबा करीम और जहीर खान ने डेब्यू किया था। भारत के लिए स्पिनर सुनील जोशी ने सबसे अधिक 92 रन बनाये थे। कप्तान सौरव गांगुली ने 84 रनों की पारी खेली थी। सलामी बल्लेबाज सदगोपन रमेश ने 58 रनों का योगदान दिया था। सचिन तेंदुलकर केवल 18 रन बना पाये थे। भारत ने 429 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऐसा लग रहा था कि मैच ड्रा हो जाएगा। पहली पारी में बांग्लादेश ने अच्छी बैटिंग की थी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बांग्लादेश की दूसरी पारी बालू के भीत की तरह ढह गयी। वह केवल 91 रन ही बना पायी। श्रीनाथ, सुनील जोशी ने 3-3, अजीत अगरकर ने 2 और जहीर खान, मुरली कार्तिक ने 1-1 विकेट लेकर बांग्लादेश का बेड़ा गर्क कर दिया। भारत को जीतने के लिए केवल 63 रन बनाने थे। उसने जीत का लक्ष्य 15 ओवरों में ही पूरा कर लिया। शिवसुंदर दास 22 और द्रविड़ 41 रनों पर नाबाद रहे। सदगोपन रमेश एक रन बना कर आउट हुए थे। इस तरह भारत ने बांग्लादेश को डेब्यू टेस्ट मैच में 9 विकेट से हरा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications