IND vs AUS: विराट कोहली के निशाने पर रिकी पोंटिंग का यह कीर्तिमान, सचिन का रिकॉर्ड बराबर करने का मौका
रिकी पोंटिंग के अलावा कोहली के पास सचिन तेंदुलकर का एक अहम रिकॉर्ड बराबर करने का मौका है। इस सीरीज में कोहली कुछ नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।

IND vs AUS: टेस्ट सीरीज के बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। सीरीज का पहला मुकाबला 17 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। विराट कोहली का प्रदर्शन टेस्ट सीरीज में अच्छा रहा था। अहमदाबाद में खेले गए अंतिम मुकाबले में उन्होंने 186 रनों की पारी खेली थी। इस बीच एकदिवसीय सीरीज में भी उनके बल्ले से रन आने की उम्मीद है। कोहली कुछ बड़े कीर्तिमान स्थापित करने की तरफ अग्रसर हैं।

वनडे में 13 हजारी बनने का सुनहरा मौका
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में 13 हजार रन बनाने वाले पांचवें क्रिकेटर बनने से महज 191 रन दूर हैं। वह इस सीरीज के तीन मैचों में यह आंकड़ा प्राप्त कर सकते हैं। उनके अलावा सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग और सनथ जयसूर्या ने ही यह रिकॉर्ड एकदिवसीय क्रिकेट में स्थापित किया है। कोहली के पास इस क्लब में शामिल होने का एक सुनहरा मौका रहेगा।

तेंदुलकर के शतकों की कर सकते हैं बराबरी
वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा शतकीय पारियां हैं। विराट कोहली इस आंकड़े तक पहुँचने से महज 3 शतक पीछे हैं। हालांकि तीन ही मुकाबले होने के कारण यह कीर्तिमान हासिल करना मुश्किल है लेकिन नामुमकिन नहीं कहा जा सकता है । कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में अब तक कुल 46 शतक जमाए हैं। उनके पास इस सीरीज में तीन शतक जड़ते हुए तेंदुलकर की बराबरी करने का पूरा मौका है।

रिकी पोंटिंग का अहम रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
घरेलू मैदानों पर सबसे ज्यादा एकदिवसीय रन सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने 6976 रन बनाए हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम आता है। पोंटिंग ने 5406 रन बनाये हैं। तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं। कोहली के नाम 5358 रन हैं। पोंटिंग के रनों को पार कर नम्बर दो पर आने के लिए कोहली को सिर्फ 49 रनों की आवश्यकता है। कोहली इस रिकॉर्ड को आराम से तोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications