IND vs AUS: विराट कोहली घर में सबसे तेज 11 हज़ार इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
घरेलू सरजमीं पर सबसे तेज 11 हजार रनों का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था लेकिन अब कोहली ने इसे तोड़ दिया है।

IND vs AUS 4th Test: विराट कोहली ने अपने धमाकेदार खेल के कारण वर्ल्ड क्रिकेट में अलग छाप छोड़ी है। हर प्रारूप में उन्होंने अपने बल्ले से लोहा मनवाया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम की पहली पारी में कोहली ने सैकड़ा जमा दिया। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका 28वां शतक है। साल 2019 में उन्होंने अंतिम बार टेस्ट क्रिकेट में शतक जमाया था। इसके अलावा कोहली ने कुछ कीर्तिमान भी अपने नाम किये हैं।
घर में सबसे तेज 11000 अंतरराष्ट्रीय रन वाले खिलाड़ी
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत में खेलते हुए सबसे तेज 11 हजार रनों का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। उनसे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था लेकिन कोहली ने तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। 224 मुकाबलों में कोहली ने यह कीर्तिमान अपने नाम किया। तेंदुलकर ने यही कीर्तिमान 246 मैचों के बाद हासिल किया था। इस मामले में कोहली आगे निकल गए।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा
इसके अलावा मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में विराट कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 242 रन बनाए हैं और कोहली ने शतकीय पारी के साथ उनको पछाड़ दिया है। विराट कोहली ने चौथे दिन के खेल में चायकाल के बाद खेलते हुए 150 का आंकड़ा भी पार कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जमा दिया 75वां शतक
टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने साल 2019 के बाद पहला सैकड़ा जमाया। इसके साथ ही उनके इंटरनेशनल शतकों की टैली 75 तक पहुंच गई। पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ इस मामले में उनसे आगे हैं। कोहली ने अहमदाबाद में शतक जमाते ही दर्शकों का अभिवादन स्वीकार करने के अलावा गले में पहना हुआ लोकेट भी चूम लिया था। फैन्स ने इनके सेलिब्रेशन की काफी सराहना भी की।












Click it and Unblock the Notifications