IND vs AUS: विराट या रोहित? ऑस्ट्रेलिया में कौन है वनडे का बादशाह, आंकड़े देख यकीन करना होगा मुश्किल!
IND vs AUS Virat Kohli And Rohit Sharma: 19 अक्टूबर को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस सीरीज़ में सभी की निगाहें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों पर टिकी हैं। टी-20 और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद यह जोड़ी मार्च 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पहली बार भारतीय जर्सी में एक्शन में दिखेगी।
करीब चार महीने टीम में वापसी (IND vs AUS Virat Kohli And Rohit Sharma)
करीब चार महीने के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रहे कोहली और रोहित से बड़ी पारियों की उम्मीद है। और अगर हम उनके ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड को देखें, तो फैंस की उम्मीदें बेबुनियाद नहीं हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में ये दोनों भारतीय स्टार सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

दोनों का ऑस्ट्रेलिया में कैसा रहा है रिकॉर्ड
विराट कोहली ने 50 मैचों में 2451 रन बनाए हैं, जिनका औसत 54.46 है। रोहित शर्मा ने 46 मैचों में 2407 रन बनाए हैं, लेकिन उनका औसत विराट से बेहतर 57.30 है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ-आठ वनडे शतक जड़े हैं, और इस सूची में भी केवल सचिन तेंदुलकर (9 शतक) ही उनसे आगे हैं। यह आंकड़ा साफ़ बताता है कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने ये दोनों कितने घातक साबित होते हैं।
रोहित-विराट में कौन आगे?
जब बात ऑस्ट्रेलिया की पिच पर प्रदर्शन की आती है, तो रोहित शर्मा का पलड़ा थोड़ा भारी नज़र आता है। ऑस्ट्रेलिया में 19 वनडे मैचों में रोहित ने 58.23 के शानदार औसत से 990 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने चार शतक जड़े हैं। वहीं, विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में 18 वनडे मैचों में 47.17 के औसत से 802 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक शामिल हैं।
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया में भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में दोनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन हमेशा से विश्व स्तरीय रहा है। भले ही रोहित अब भारतीय टीम के कप्तान नहीं हैं, लेकिन उनका और विराट कोहली का अनुभव इस युवा भारतीय टीम के लिए काफी अहम है।












Click it and Unblock the Notifications