IND vs AUS: अहमदाबाद टेस्ट के शतकवीर शुभमन गिल पर सुनील गावस्कर ने की बड़ी भविष्यवाणी
Shubman Gill Century: शुभमन गिल के लिए बेहतरीन साल जारी है जहां उन्होंने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक अहमदाबाद में लगा दिया है। गिल पर भारतीय लीजेंड सुनील गावस्कर ने भी बड़ी भविष्यवाणी की।

IND vs AUS: टीम इंडिया के स्टार ओपनर शुभमन गिल (Shubman Gill) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट की पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड बॉल फॉर्मेट में अपना दूसरा शतक पूरा कर लिया है। केएल राहुल बनाम गिल की बहस इस सीरीज की शुरुआत से ही तेज थी जहां फैंस ने पूरी तरह से गिल का साथ दिया था तो टीम मैनेजमेंट राहुल के अनुभव को दरकिनार नहीं करना चाहता था लेकिन अब गिल ने अंतिम दो टेस्ट मैचों में टीम में वापसी की जहां इंदौर की पिच पर सभी बल्लेबाज फेल हुए तो वहीं अहमदाबाद की सपोर्टिंग पिच पर गिल ने हाथ आया मौका रोहित और पुजारा की तरह नहीं गंवाया और एक बेहतरीन शतक जड़ दिया। गिल अपनी पारी के दौरान आक्रामक, डिफेंसिव और कैलकुलेटिव तीनों रूपों में दिखाई दिए और ये एक आला गेंदबाजी आक्रमण के सामने आला दर्जे की पारी रही।

बल्लेबाज के बारे में एक बड़ा दावा किया
गिल ने इंदौर में खेल की दो पारियों में, 21 और 5 का स्कोर बनाया था जिसके बाद उनके ऊपर इस मैच में प्रदर्शन करने का दबाव था। ऊपर से कंगारू पहली पारी में 480 का पहाड़ खड़ा कर चुके थे। ऐसे में इस पारी की अहमियत तब और बढ़ जाती है जब रोहित और पुजारा जैसे दिग्गज जमने के बाद बगैर अर्धशतक लगाए आउट हो गए थे। गिल को इस प्रदर्सन से प्रशंसकों और पूर्व क्रिकेटरों से समान रूप से प्रशंसा मिली, महान भारतीय पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने 23 वर्षीय सलामी बल्लेबाज के बारे में एक बड़ा दावा किया। खास बात ये है उस समय तक गिल ने शतक भी नहीं लगाया था।

अटैक ही नहीं बल्कि एक ठोस डिफेंस भी है
लंच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान, गावस्कर ने गिल की बल्लेबाजी के बारे में विस्तार से बात की और जोर देकर कहा कि ऐसा लगता है कि सलामी बल्लेबाज के पास अन्य बल्लेबाजों की तुलना में गेंद खेलने के लिए अधिक समय है। सनी ने कहा, "उनके पास बहुत समय है। जब वह डिफेंसिव शॉट खेलते हैं, तो जिस तरह से वह आगे झुकते हैं, यहां तक कि मिचेल स्टार्क के खिलाफ भी वह बल्ले को सीधा रखते हैं, उनका ये फॉरवर्ड डिफेंस देखना बहुत सुखद था। इससे पता चलता है कि उनमें आत्मविश्वास है। वह सिर्फ बैकफुट पर ही नहीं खेलते हैं। उनका पैर आगे बढ़ता है और उसके पास अटैक ही नहीं बल्कि एक ठोस डिफेंस भी है। और टेस्ट क्रिकेट में आपको इसकी जरूरत होती है।'

गिल पर बड़ी भविष्यवाणी भी की
गावस्कर ने आगे गिल पर बड़ी भविष्यवाणी भी की और कहा, "तेज गेंदबाजों के खिलाफ आगे और पीछे घूमना बहुत आसान नहीं है। लेकिन वह लाइन और लेंथ बहुत अच्छी तरह से चुनते हैं। किसी भी बल्लेबाज़ के पास अगर टाइम हो, और अगर उसने अपने करियर को संभाला, तो आगे जाकर 8-10,000 टेस्ट रन आराम से कर लेगा।"
फिलहाल भारत ने तीसरे दिन टी-ब्रेक तक 2 विकेट के नुकसान पर 103 रन बना लिए थे। गिल 197 गेंदों पर 103 रन बनाकर बैटिंग कर रहे थे जबकि कोहली ने फिलहाल खाता नहीं खोला था।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications