IND vs AUS: गिल, अय्यर, सूर्या और राहुल का गरजा बल्ला, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 400 का लक्ष्य
India vs Australia Match Today: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर में दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया ने जमकर बल्लेबाजी की। मेहमान टीम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 399 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का वनडे में यह उच्चतम स्कोर है।
टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह सही साबित हुआ। भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ महज 8 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाल लिया और तूफानी बैटिंग की।

गिल ने अपनी फॉर्म यहाँ भी जारी रखी और ताबड़तोड़ बैटिंग की। श्रेयस अय्यर ने भी कुछ उसी तरह से खेलते हुए 86 गेंदों में शतक जड़ दिया। अय्यर शतक पूरा करने के बाद 105 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। गिल और अय्यर के बीच दूसरे विकेट के लिए 200 की भागीदारी हुई।
शुभमन गिल भी अपना शतक 92 गेंदों में पूरा कर 104 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। उनके बाद ईशान किशन 18 गेंदों का सामना कर 31 रन बनाकर चलते बने। केएल राहुल एक छोर पर थे और बाद में सूर्यकुमार यादव ने गदर मचा दिया। उन्होंने 44वें ओवर में ग्रीन को लगातार 4 छक्के जड़े।
केएल राहुल लगातार दूसरे मैच में फिफ्टी जड़ने में सफल रहे। कुछ इसी तरह की बैटिंग सूर्यकुमार यादव की तरफ से देखने को मिली। सूर्यकुमार यादव महज 24 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी करने में सफल रहे। उन्होंने विकेट के चारों तरफ दमदार शॉट जमाए।
सूर्यकुमार यादव ने धमाका करते हुए गदर मचा दिया। उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 72 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के आए। रविन्द्र जडेजा ने नाबाद 13 रन बनाए। टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 399 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कैमरन ग्रीन को मिले।












Click it and Unblock the Notifications