IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया से शर्मनाक हार के बाद रोहित शर्मा ने पिच को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया
रोहित शर्मा ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी के अलावा विशाखापट्टनम की पिच को लेकर एक अहम प्रतिक्रिया दी है।

IND vs AUS: मुंबई में भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में मिली हार को भुलाते हुए ऑस्ट्रेलिया ने विशाखापट्टनम में पूरी तरह से एक बड़ा धमाका कर दिया। मेहमान टीम ने भारतीय टीम को 10 विकेट के बड़े अंतर से हराते हुए सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। टीम इंडिया की बल्लेबाजी इस मैच में फ्लॉप साबित हुई। कप्तान रोहित शर्मा ने हार के बाद निराश जताई। पिच को लेकर भी रोहित शर्मा ने बयान दिया।

भारतीय टीम बल्लेबाजी में हो गई फ्लॉप
रोहित शर्मा ने कहा कि आप जब मैच हारते हो तो निराशा होती है। हमने बल्ले के साथ आज अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और बोर्ड पर रन नहीं लगा पाए। यह विकेट सिर्फ 117 रन वाला नहीं था। लगातार विकेट गिरते रहने से हमें रन बनाने का मौका नहीं मिला। शुभमन गिल का विकेट गिरने के बाद मैंने और विराट कोहली ने 30 से 35 रन तेजी से बनाए थे। मेरा विकेट गिरने के बाद हमने 2 और विकेट लगातार गंवाए और बैकफुट पर आ गए। इस तरह की स्थिति से वापसी करना हमेशा मुश्किल होता है। आज का दिन हमारा नहीं था।

स्टार्क मजबूत पक्ष के साथ करते हैं गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉक की गेंदबाजी को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि वह एक क्वालिटी गेंदबाज है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए इस तरह का प्रदर्शन नई गेंद के साथ करते रहे हैं। वह अपनी ताकत के अनुसार गेंदबाजी करते हैं। स्टार्क गेंद को अंदर की तरफ स्विंग कराते हैं, फिर इसे बाहर निकालते हैं। इससे बल्लेबाज सिर्फ अनुमान लगाता रहता है। ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्लेबाजी में तूफानी फिफ्टी जड़ने वाले मिचेल मार्श को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि जब हिटिंग की बात आती है तो वह टॉप खिलाड़ियों में से एक हैं। वह हमेशा ऐसा प्रदर्शन करने के लिए खुद को बैक करते हैं। पावर हिटिंग के मामले में निश्चित रूप से वह टॉप 3 या 4 में आते हैं।

ऑस्ट्रेलिया ने बड़े अंतर से मुकाबला जीता
गौरतलब है कि टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और मिचेल स्टार्क ने भारतीय बल्लेबाजों को पूरी तरह से आउटप्ले कर दिया। स्टार्क ने नई गेंद के साथ टीम इंडिया को एक के बाद एक झटके दिए और 53 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। इस तरह स्टार्क ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों को सेटल होने का मौका ही नहीं दिया और अंततः मेजबान टीम 117 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने इस मौके का फायदा उठाया और 10 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications