'लकी' केएल राहुल को कितने मौके मिलेंगे? कपिल देव ने कहा- ऐसा कोई नियम बनाया है तो उसे अब बदल दो
पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने केएल राहुल को लेकर एक दिलचस्प बात कही है। टेस्ट सीरीज में उप-कप्तान बनाए गए राहुल अभी तक टीम द्वारा मिले भरपूर सपोर्ट के साथ न्याय नहीं कर पाए हैं।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 24 घंटे से भी कम समय बचा है और प्लेइंग इलेवन, टीम संयोजन को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। नागपुर के वीसीए स्टेडियम में पिच के बारे में चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल प्लेइंग 11 को लेकर कयास ही लगाए जा सकते हैं। टीम इंडिया की पहली आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, केएल राहुल ने भी कहा कि टीम मैनेजमेंट वास्तव में बेस्ट प्लेइंग 11 का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। सवाल बहुत सारे हैं और जवाब बहुत कम। सवाल प्लेइंग 11 चुनने के बाद भी बनेंगे और अब भी बन रहे हैं।

केएल राहुल को लेकर एक दिलचस्प बात कही
इस सारे हंगामे के बीच दिग्गज ऑलराउंडर रहे पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने केएल राहुल को लेकर एक दिलचस्प बात कही है। केएल राहुल एक अजीब केस हैं और बात लगभग समूचा भारतीय क्रिकेट जगत जानता है। चाहे कितनी भी खराब फॉर्म हो जाए या रन बनाते हुए कंसिस्टेंसी जीरो साबित हो, राहुल को टीम ने हमेशा बैक किया है। वे टेस्ट सीरीज में उप-कप्तान हैं, लेकिन सच यही है कि वह अपनी भूमिक के साथ न्याय नहीं कर पाए हैं। पूरी संभावना है कि राहुल एक बार फिर रोहित के साथ ओपनिंग करेंगे क्योंकि टीम को राहुल से परे देखने की आदत फिलहाल नहीं है। फिर तो गिल को मध्य क्रम में ही रखा जा सकता है या फिर वहां पर सूर्यकुमार को एडजस्ट करने के लिए गिल को जगह ही छोड़नी पड़ेगी।

राहुल को जबरदस्ती फिट नहीं करना चाहिए
राहुल ने 2022 की शुरुआत से सिर्फ एक अर्धशतक के साथ चार टेस्ट खेले हैं जबकि गिल की फॉर्म का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। ऐसे में राहुल ने कपिल को टीम में अपनी जगह पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर दिया है। भारत के पहले विश्व कप विजेता कप्तान कपिल का मानना है कि हालांकि वह राहुल की बल्लेबाज के मुरीद हैं, लेकिन टीम प्रबंधन को उन्हें प्लेइंग 11 में जगह नहीं देनी चाहिए या टीम संयोजन अगर बिगड़ रहा है तो राहुल को जबरदस्ती फिट नहीं करना चाहिए। लेकिन दिक्कत ये है कि कोहली के जमाने से ऐसा ही हो रहा है। राहुल ऑलराउंडर भी नहीं हैं लेकिन सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर उनकी वह पूछ है जो रोहित और कोहली की है।

राहुल को क्यों नहीं ड्रॉप किया जा सकता है?
ऐसे में कपिल ने 'अनकट' पर कहा है, "राहुल को क्यों नहीं ड्रॉप किया जा सकता है? ऐसा कोई नियम नहीं होना चाहिए। आपको टीम संयोजन को देखने की जरूरत है, हमें किसकी जरूरत है। भारतीय क्रिकेट में, मुझे नहीं लगता कि कभी कोई उप-कप्तान होता है। पुराने समय में, हमारे पास हर टेस्ट मैच में एक नया वीसी होता था। वह काफी मैच्योर खिलाड़ी है, मैं उसे पसंद भी करता हूं।
"मैं उसे एक अच्छा बल्लेबाज मानता हूं, लेकिन अगर वह टीम में फिट नहीं होता है, तो उसे रहने दें। टीम पहले आती है और मुझे लगता है कि इसके लिए कप्तान और मैनेजमेंट को फैसला करना होगा। कुछ खिलाड़ी भाग्यशाली होते हैं। राहुल द्रविड़ ने भी कई ऐसे मैच खेले जहां उन्हें विकेट कीपिंग करने के लिए टीम में रखा गया था।"
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications