डेविड वॉर्नर को भारतीय पिचों पर खेलते हुए बीत गया एक दशक, लेकिन बल्ले से नहीं निकला एक भी शतक
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का भारतीय पिचों पर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। डेविड वॉर्नर भारतीय पिचों पर संघर्ष करते हुए नजर आते हैं। वो भारत में एक भी टेस्ट शतक नहीं लगा पाए हैं।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ एक पारी और 132 रनों से मिली हार के बाद से ऑस्ट्रेलिया के खेमे में हड़कंप मचा हुआ है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली में 17 फरवरी से शुरू होगा, जिसको लेकर माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़े बदलाव देखे जा सकते हैं। एक बड़ा बदलाव जो संभव है वो यह कि डेविड वॉर्नर को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है और उनकी जगह ट्रैविस हेड को टीम में लाया जा सकता है। नागपुर टेस्ट की दोनों पारियों में डेविड वॉर्नर जबरदस्त तरीके से फ्लॉप रहे थे। उन्होंने दोनों पारियों में सिर्फ 11 रन बनाए थे।

भारत के खिलाफ वॉर्नर का प्रदर्शन
दिल्ली टेस्ट से पहले डेविड वॉर्नर को टीम से बाहर किए जाने की सबसे बड़ी वजह है उनका हालिया फॉर्म और पिछले एक दशक में उनका भारतीय पिचों पर प्रदर्शन। डेविड वॉर्नर ने पिछले एक दशक में भारतीय पिचों पर 18 टेस्ट पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 22.16 की औसत से 399 रन बनाए हैं। वॉर्नर का वैसे भी भारत के खिलाफ ऑल टाइम प्रदर्शन देखें तो आंकड़े निराश ही करते हैं। वॉर्नर के अब तक के टेस्ट करियर में सबसे खराब औसत उनका भारत के खिलाफ ही है। भारत के खिलाफ वॉर्नर ने अभी तक 19 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34 की औसत से 1159 रन बनाए हैं। इस दौरान वॉर्नर के बल्ले से चार शतक और तीन अर्द्धशतक निकले हैं।

भारत में एक भी टेस्ट शतक नहीं लगा सके हैं वॉर्नर
आपको बता दें कि डेविड वॉर्नर के लिए भारतीय पिचों पर खेलना कितना मुश्किल है इस बात का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि उन्होंने भारत में 9 टेस्ट मैच खेल लिए हैं, लेकिन अभी तक एक भी शतक उनके बल्ले से नहीं निकला है। भारतीय पिचों पर उनका सर्वोच्च स्कोर 71 रन है। उन्होंने भारतीय पिचों पर 3 अर्द्धशतक जरूर लगाए हैं।

अश्विन की स्पिन बनी हुई है वॉर्नर के लिए मिस्ट्री!
आपको बता दें कि डेविड वॉर्नर का भारत के खिलाफ जो खराब प्रदर्शन है उसकी बड़ी वजह आर अश्विन हैं। इसे ऐसे समझ सकते हैं कि टेस्ट में अश्विन के खिलाफ डेविड वॉर्नर का औसत 18.20 का है। वॉर्नर ने अश्विन के खिलाफ 193 रन बनाए हैं, जबकि अश्विन ने वॉर्नर को 11 बार आउट किया है। एक्सपर्ट की मानें तो भारत में अश्विन के खिलाफ वॉर्नर के संघर्ष करने की वजह है पिच में उछाल की कमी होना।












Click it and Unblock the Notifications