क्या केएल राहुल की जगह खतरे में है? भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने दिया चौंकाने वाला जवाब
केएल राहुल की टीम में जगह को लेकर बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने कहा है कि अभी हम उस स्थिति में नहीं हैं, जहां उन्हें टीम से बाहर किए जाने की बात की जाए।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम के उपकप्तान केएल राहुल का बल्ला तकरीबन पिछले एक साल से खामोश है। बात चाहे किसी भी फॉर्मेट की हो केएल राहुल कहीं भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट की पहली पारी में केएल राहुल सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए। इन 20 रनों को बनाने के लिए उन्होंने 71 गेंद खेली। उनके खराब प्रदर्शन को लेकर अब टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट अभी उन्हें और मौके देने के पक्ष में है। दरअसल, टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने केएल राहुल का समर्थन करते हुए कहा है कि अभी उन्हें टीम से बाहर नहीं किया जाएगा।

क्या कहा विक्रम राठौर ने?
केएल राहुल की टीम में जगह को लेकर एक्सपर्ट के बीच खूब चर्चा हो रही है, लेकिन इस बीच बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने केएल राहुल का समर्थन करते हुए कहा है, "केएल के लिए ईमानदारी से कहूं तो उनकी पिछली 10 टेस्ट पारियां जो उन्होंने खेली हैं, उनके नाम कुछ शतक और दो अर्धशतक हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में शतक जड़ा है। मुझे नहीं लगता कि हम अभी उस स्थिति में हैं, जहां उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करने को लेकर सवाल किए जाएं।"

राहुल ने नागपुर टेस्ट में की थी धीमी बल्लेबाजी
आपको बता दें कि केएल राहुल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिए जाने के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में वापस टीम में आए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले केएल राहुल बांग्लादेश दौरे पर भी टीम का हिस्सा थे, लेकिन वहां भी उनका बल्ला नहीं चला था। नागपुर टेस्ट की पहली पारी में राहुल ने बहुत ही धीमी बल्लेबाजी की, जिसको लेकर उनकी खूब आलोचना हो रही है, क्योंकि राहुल को शुभमन गिल का विकल्प होते हुए मौका दिया गया है। वहीं शुभमन गिल इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं और टेस्ट मैच में भारत के लिए ओपन भी कर चुके हैं।

2021 में राहुल ने लगाया था आखिरी शतक
बता दें कि केएल राहुल की पिछली दस टेस्ट पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। उन्होंने 2021 के आखिर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचूरियन में शतक लगाया था। वहीं, प्रोटियाज टीम के खिलाफ ही उन्होंने अगले मैच में अर्धशतक बनाया था। हालाँकि, उसके बाद से राहुल के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आई है और पिछली आठ पारियों के दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 23 रन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications