ऑस्ट्रेलिया ने नागपुर में आज नहीं किया अभ्यास, पिच को लेकर फिर सामने आया बड़ा मामला
नागपुर में मुकाबला तीन दिनों में ही समाप्त हो गया, मेहमान टीम को फ़िलहाल दो दिन वहीँ अभ्यास करना था लेकिन रविवार को ऐसा नहीं हुआ।

IND vs AUS: भारत के खिलाफ नागपुर टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने पिचों को लेकर काफी माहौल तैयार किया था। यहां तक कहा गया था कि भारत में पिचें मेजबान टीम को सपोर्ट करने के लिए बनती है लेकिन नागपुर टेस्ट मैच में सब कुछ साफ़ हो गया और एक अच्छी विकेट पर मेहमान टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। मैच के बाद मेहमान टीम को नागपुर में ही अभ्यास करना था लेकिन उन्होंने इसे टाल दिया। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की तरफ से इसकी वजह भी बताई गई है।
विकेट पर पानी होने से नहीं किया अभ्यास
ऑस्ट्रेलियन एसोसिएट्स प्रेस की तरफ से कहा गया है कि नागपुर टेस्ट के बाद कंगारुओं को सेंटर विकेट पर अभ्यास करना था। विकेट पर पानी था और नेट्स पर भी विकेट गीला था। इस वजह से अभ्यास नहीं करने का निर्णय लिया गया। ऑस्ट्रेलियाई मैनेजमेंट ने ग्राउंड स्टाफ को पानी नहीं डालने के लिए कहने का प्रयास किया गया था। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को उम्मीद है कि सोमवार को वहां अभ्यास किया जा सकेगा। इसके बाद दिल्ली के लिए उड़ान भरनी है।
मैच से पहले भी अभ्यास कम ही किया
नागपुर में टेस्ट से पहले भी ऑस्ट्रेलिया ने दो दिनों से ज्यादा अभ्यास नहीं किया था। उनका कैम्प बेंगलुरु के अलुर में स्थित था। वहां कंगारुओं का अभ्यास कुछ दिन तक चला था। वहां स्पिन पिच बनाकर अभ्यास किया गया था। चार दिनों तक ऑस्ट्रेलिया की टीम वहां ट्रेनिंग कर रही थी। इसके बाद नागपुर के लिए रवाना हुई थी। इसके अलावा कुछ स्पिनरों को भी नेट गेंदबाज के रूप में शामिल किया गया था।
अगला मैच दिल्ली में खेला जाना है।
नागपुर टेस्ट मैच उम्मीद से पहले ही समाप्त हो गया। मुकाबला तीन दिनों तक भी नहीं चल पाया। ढाई दिनों में ही मैच समाप्त हो गया। भारतीय टीम ने मेहमान टीम को एक पारी और 132 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल कर ली। अगला मैच दिल्ली में 17 फरवरी से शुरू हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications