रोहित शर्मा ने दिए अहमदाबाद में ग्रीन पिच के संकेत! स्पिनरों की सीरीज में ऐसा विकेट क्यों चाह रहे हैं कप्तान
IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंदौर में होने वाले टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में अहमदाबाद में हरी पिच मिलने की संभावना जाहिर की है।

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने संकेत दिए हैं कि भारत की टीम ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) के खिलाफ चल रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (BGT 2023) के अंतिम मुकाबले में अहमदाबाद (Ahmedabad Test) में हरी पिच पर खेल सकती है जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है और भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से पहले एक मुकाबला सीम कंडीशन में खेलने के लिए मिल जाए। भारत इस समय श्रृंखला में 2-0 से आगे है और अगर इंदौर में जीत मिलती है तो अहमदाबाद टेस्ट मैच में ग्रीन टॉप देखने के लिए मिल सकता है जो ओवल में 7 जून से शुरू हो रही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में भारत को तैयारी के लिए कुछ कॉन्फिडेंस देगा।

2017-18 सीजन में भी हरी पिचें तैयार करवाई थी
फिलहाल उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया ही उस मुकाबले में भारत से भिड़ेगा लेकिन श्रीलंका के भी एक छोटे से चांस बाकी है। भारत ने इससे पहले 2017-18 सीजन में भी अपने घर पर हरी पिचें तैयार करवाई थी क्योंकि उनको विदेशी दौरे करने थे और ऐसी ही एक पिच पर श्रीलंका के खिलाफ ईडन गार्डन में मुकाबला खेला गया था और उस मैच में गिरे 35 विकेटों में 32 तेज गेंदबाजों के हाथ लगे थे। भारत की टीम को उस मुकाबले के बाद साउथ अफ्रीका का मुश्किल दौरा करना था।

स्पिनरों की सीरीज में पेसरों का विकेट क्यों चाह रहे हैं कप्तान?
ऐसे में अहमदाबाद टेस्ट भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से पहले भारत को मिलने वाला अंतिम टेस्ट मैच है। रोहित ने संकेत दिए हैं कि टीम इंडिया अगर 3-0 से सीरीज में आगे बढ़ती है तो चौथे टेस्ट मैच में कुछ दिलचस्प बदलाव देखने के लिए मिल सकते हैं लेकिन यहां पर शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) जैसे खिलाड़ियों के चयन को लेकर थोड़ी दुविधा होगी क्योंकि वे टीम में नहीं है और ओवरसीज हालातों में एक सीम बॉलिंगग ऑलराउंडर के तौर पर खेलते हैं। शार्दुल ने हाल ही में शादी की थी और रोहित भी उसमें शामिल हुए थे। ऐसे में भारतीय कप्तान को नहीं पता है कि उनकी उपलब्धता के बारे में क्या अपडेट है।
रोहित ने इंदौर टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर बात करते हुए कहा की, शार्दुल ठाकुर एक महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं क्योंकि वह हमारे प्लान में फिट होते हैं लेकिन अभी नहीं पता कि वह भी कितने तैयार हैं क्योंकि उनकी अभी शादी हुई है। लेकिन हां कुछ ना कुछ सोच हमारी रहेगी कि हम अमदाबाद में जाएं और कुछ अलग कोशिश करके देखें।

फाइनल मुकाबला बराबरी की टक्कर का और रोचक होगा
रोहित यह भी कहते हैं कि अभी भारत को इंदौर टेस्ट मैच से बहुत दूर नहीं सोचना चाहिए क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) फाइनल मुकाबला कुछ और महीनों बाद होगा और अभी भारतीय टीम आधिकारिक तौर पर वहां पहुंची भी नहीं है। ऐसे में रोहित कहते हैं कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि इंदौर में कंगारू टीम पलटवार करने के इरादे से आएगी क्योंकि उन्होंने शुरु के दो मैच बुरी तरह हारे हैं। हालांकि रोहित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में न्यूट्रल वेन्यू के कांसेप्ट से काफी उत्साहित हैं और कहते हैं कि चाहे वह आस्ट्रेलिया हो या भारत हो, दोनों में से किसी को होम एडवांटेज नहीं मिलेगा और यह दोनों ही टीमें इंग्लैंड में काफी खेल चुकी हैं। तो इंग्लैंड में परिस्थितियां पूरी तरह से अजनबी नहीं होंगी। यह फाइनल मुकाबला बराबरी की टक्कर का और रोचक होगा। चाहे फिर भी कोई भी दो टीमें हों।












Click it and Unblock the Notifications