IND vs AUS: विराट कोहली दोहरा शतक बनाने से चूके, भारतीय टीम ने ली बड़ी बढ़त
विराट कोहली ने अहमदाबाद में खेले जा रहे अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन मैराथन पारी खेली, हालांकि वह दोहरा शतक जड़ने से थोड़ा पीछे रह गए।

IND vs AUS 4th Test: अहमदाबाद टेस्ट मैच के चौथे दिन भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया के ऊपर बढ़त हासिल कर ली। विराट कोहली ने 186 रनों की मैराथन पारी खेली। भारतीय टीम 571 रन बनाकर आउट हो गई। टीम इंडिया को 91 रनों की बढ़त हासिल हुई। चौथे दिन के खेल में कोहली के अलावा अक्षर पटेल ने भी 79 रनों की पारी खेली। केएस भरत फिफ्टी पूरी करने से चूक गए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ने खेल समाप्ति तक बिना विकेट गंवाए 3 रन बनाए। कुहनेमन को ओपनर भेजा गया था। वह बिना खाता खोले क्रीज पर हैं और ट्रेविस हेड 3 रन बनाकर खेल रहे हैं।

कोहली और भरत के बीच हुई साझेदारी
चौथे दिन के खेल में रविन्द्र जडेजा जल्दी आउट होकर चलते बने। हालांकि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। जडेजा 28 रन के निजी स्कोर पट आउट हुए। उनके बाद केएस भरत और कोहली ने जमकर बल्लेबाजी की और एक बड़ी भागीदारी की। भरत लंच के बाद के सेशन में 44 रनों के निजी स्कोर पर नाथन लायन की गेंद पर आउट हो गए। यहां से ऑस्ट्रेलिया की टीम को उम्मीद थी कि टीम इंडिया को जल्दी आउट कर दिया जाएगा।

कोहली दोहरे शतक से चूके, अक्षर पटेल शतक से पहले आउट
चायकाल के बाद अक्षर पटेल और कोहली ने तेजी से बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धुनाई कर दी। शतक के बाद कोहली ने भी तेवर दिखाए। अक्षर पटेल ने सीरीज की तीसरी फिफ्टी जमाई। यह उनका दुर्भाग्य था कि वह 79 पर आउट हो गए और शतक से चूक गए। कोहली तेज खेलने का प्रयास करते हुए आउट हो गए। वह दोहरा शतक जड़ने से चूक गए। अंतिम सेशन में वह 186 के निजी स्कोर पर आउट हुए। अन्य बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए और भारतीय पारी 571 पर सिमटी। टीम इंडिया को 91 रनों की बढ़त मिली।

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज विकेट के लिए तरसे
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों को खासी मेहनत करनी पड़ी। नाथन लायन और टॉड मर्फी उनके सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ही गेंदबाजों को 3-3 विकेट हासिल हुए। उनके अलावा मिचेल स्टार्क के खाते में भी एक विकेट आया। मैथ्यू कुहनेमन को भी एक विकेट मिला। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के हर गेंदबाज को विकेट के लिए तरसना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications