IND vs AUS: 'लय में आने के लिए कोहली को इन रनों की आवश्यकता थी,' हरभजन ने दी प्रतिक्रिया
विराट कोहली ने अहमदाबाद टेस्ट मुकाबले में अपना 75वां इंटरनेशनल शतक पूरा किया, वह दोहरा शतक जड़ने से चूक गए।

IND vs AUS 4th Test: विराट कोहली ने तीन साल का सूखा समाप्त करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट मैच के चौथे दिन शतकीय पारी खेली। हालांकि वह दोहरे शतक के करीब जाकर आउट हो गए लेकिन एक प्रभावशाली पारी खेलकर टीम इंडिया को बड़ी बढ़त दिलाने में सफल रहे। कोहली की पारी को लेकर हर कोई तारीफों के पुल बाँध रहा है। पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह की तरफ से भी कोहली की पारी को लेकर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि कोहली के लिए यह शतक आना जरूरी था।
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि विराट कोहली को फिर से लय में आने के लिए इस पारी की आवश्यकता थी। भारत को आगे जाने के लिए उनकी जरूरत थी। उम्मीद है कि इस पारी के बाद हम कोहली को आगे जाते हुए देखेंगे। वह निरंतर पुराने विराट कोहली की तरह खेलेंगे। वह भारत के लिए काफी सारे रन भी बनाएंगे। हरभजन ने यह भी कहा कि इस पारी के बाद विराट कोहली काफी रिलेक्स महसूस कर रहे होंगे। मैं भी चाहता था कि वह रन बनाये। इस बात की ख़ुशी है कि उनको रन बनाने के लिए यह विकेट मिला।
गौरतलब है कि अहमदाबाद टेस्ट मैच में भारतीय टीम को 500 से पार पहुंचाने में विराट कोहली के 186 रनों का बड़ा योगदान रहा। कोहली ने अन्य बल्लेबाजों के साथ मिलकर साझेदारियां की। उन्होंने छठे विकेट के लिए अक्षर पटेल के साथ मिलकर 162 रनों की भागीदारी की। इस अहम साझेदारी के कारण टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को पार कर बढ़त हासिल की।
कोहली ने 75वां इंटरनेशनल शतक पूरा कर लिया। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका 28वां शतक था। चौथे दिन टीम इंडिया ने 571 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर 91 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। मुकाबले में अब अंतिम दिन का खेल बचा है और ड्रॉ के आसार नज़र आ रहे हैं। टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के हिसाब से मुकाबला हम है। ड्रॉ होने पर श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज पर निर्भरता रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications