IND vs AUS: 'जडेजा की नो बॉल के कारण मैच हारे,' पूर्व भारतीय खिलाड़ी का तीखा बयान
इंदौर टेस्ट मैच में भारतीय टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में पिछड़ गई, ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से हर विभाग में बेहतरीन खेल देखने को मिला।

IND vs AUS 3rd Test: दो टेस्ट मैचों में लगातार हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने धमाकेदार अंदाज में वापसी करते हुए इंदौर टेस्ट मैच में टीम इंडिया को 9 विकेट के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही। ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में भारतीय टीम की तुलना में बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। ऐसे में टीम इंडिया के खेल की आलोचना भी देखने को मिल रही है। पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने इंदौर में भारत की हार के लिए एक अहम घटना को जिम्मेदार माना है।
जडेजा के नो बॉल से मैच में हार हुई
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि अगर आप पीछे मुड़कर देखें तो पता चलता है कि भारत को किस चीज का भुगतान करना पड़ा। टीम इंडिया को लाबुशेन और उस्मान ख्वाजा के बीच हुई 96 रनों की भागीदारी से नुकसान हुआ। जडेजा ने नो बॉल डाली और मैं समझता हूं कि वही टर्निंग पॉइंट था। इसके बाद वह भागीदारी हुई और भारत को मैच में नुकसान उठाना पड़ा।
स्पिनरों के सामने बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम
ऑस्ट्रेलिया के लिए ख्वाजा और ट्रेविस हेड ने भारतीय स्पिनरों के सामने अच्छा खेल दिखाया लेकिन भारतीय बल्लेबाज ऐसा करने में नाकाम रहे। गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाजों ने अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं किया। अगर आप भारतीय टीम के विकेट देखें, तो पाएंगे कि बल्लेबाज खुद ही आउट हुए हैं। कुछ ऐसे शॉट जड़े, जो पिच की कल्पना करके खेले गए।
भारतीय बल्लेबाजों में आत्मविश्वास नहीं दिखा
गावस्कर ने यह भी कहा कि भारतीय बल्लेबाजों में आत्मविश्वास की कमी देखी गई। पहले मैच में रोहित शर्मा के अलावा बल्लेबाज रन नहीं बना पाए। रोहित ने नागपुर में शानदार शतक जड़ा। जब आपके रन नहीं आते हैं, तो बल्लेबाजी अस्थिर हो जाती है। गौरतलब है कि भारतीय टीम का टॉप क्रम और मिडिल ऑर्डर फ्लॉप रहा और टीम इंडिया की हार में यह एक बड़ा कारण माना जा सकता है। टीम इंडिया के लिए पिछले दो मैचों में निचले क्रम के बल्लेबाजों ने रन बनाए हैं। इंदौर टेस्ट में निचले क्रम के फ्लॉप होने से भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications