IND vs AUS: जयदेव उनादकट को भारतीय टीम से बाहर किया गया, बड़ा कारण सामने आया
नागपुर टेस्ट मैच में जीत के बाद अब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अगला टेस्ट मैच दिल्ली में खेलेगी, यह मुकाबला 17 फरवरी से शुरू होना है।

IND vs AUS 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय टीम से तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को रिलीज कर दिया गया है। बीसीसीआई ने इसकी घोषणा की है। जयदेव उनादकट को किसी खास वजह से बाहर किया गया है। तीसरे टेस्ट मैच तक शायद वह वापस टीम में आ सकते हैं। फिलहाल वह दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में नहीं है।

रणजी ट्रॉफी के फाइनल में खेलेंगे
इस खबर की पुष्टि करते हुए बीसीसीआई ने अपने वेबसाइट पर बताया है कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति ने टीम मैनेजमेंट के साथ सलाह के बाद जयदेव उनादकट को दूसरे टेस्ट मैच की टीम से रिलीज करने का फैसला लिया है। जयदेव उनादकट अब रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेलने के लिए सौराष्ट्र की टीम में शामिल होंगे। रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 16 फरवरी से सौराष्ट्र और बंगाल के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा।

बांग्लादेश दौरे पर हुई थी वापसी
उनादकट को 10 साल से भी ज्यादा समय के बाद टीम इंडिया में वापसी करने का मौका मिला था। बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम में उनको शामिल किया गया था। वहां उनादकट को दूसरे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था। इसके बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी उनको भारतीय टीम में जगह मिली।

दूसरा टेस्ट दिल्ली में खेला जाएगा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम के फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला जाएगा। चार टेस्ट मैचों की सीरीज में पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। नागपुर में हुए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने एक पारी और 132 रनों से ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराया था। स्पिनरों के लिए मददगार परिस्थितियों में तेज गेंदबाजों को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने के आसार कम होते हैं। ऐसे में जयदेव उनादकट अपनी टीम सौराष्ट्र को रणजी में खिताब दिलाने का बेहतर प्रयास कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications