'अक्षर पटेल की रेंज रविन्द्र जडेजा से ज्यादा बड़ी है,' पूर्व भारतीय खिलाड़ी का चौंकाने वाला बयान
नागपुर टेस्ट मैच में अक्षर पटेल ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था, रविन्द्र जडेजा के बल्ले से भी रन आए थे।
IND vs AUS 1st Test: अक्षर पटेल ने नागपुर टेस्ट मैच में अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया। उन्होंने शानदार फिफ्टी जमाई। हालांकि उनका दुर्भाग्य रहा कि वह शतक नहीं जड़ पाए, मौका उनके पास था। रविन्द्र जडेजा ने भी धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 70 रन बनाए। इस तरह इन दोनों ने टीम के लिए अहम योगदान दिया। इस बीच जडेजा और अक्षर पटेल के बारे में बात करते हुए इरफ़ान पठान की ओर से अहम बयान सामने आया है। पठान का कहना है कि अक्षर पटेल के पास रेंज ज्यादा है।

अक्षर पटेल की रेंज ज्यादा है
स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए इरफ़ान पठान ने अक्षर पटेल के बारे में कहा कि वह बल्लेबाजी करते हुए काफी फ्रेश लग रहे थे। वह अपनी बल्लेबाजी का आनन्द उठा रहे थे। एक बार फिर से मैं यह कहना चाहूँगा कि उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार देखने को मिला है। उनके पास काफी अच्छी रेंज है। एक बल्लेबाज के रूप में अक्षर पटेल की रेंज रविन्द्र जडेजा से थोड़ी बड़ी है।

पटेल के पास हर तरह के शॉट हैं
जिस तरह से अक्षर पटेल ने तेज गेंदबाजों का सामना किया, उससे पठान प्रभावित दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि वह स्ट्रेट डाउन द ग्राउंड खेलते हैं। कवर की तरफ भी खेलते हैं। वह स्वीप भी जड़ सकते हैं और बड़े शॉट लगाते हैं। एक अच्छी बात यह भी है कि जब वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी करते हैं तो भरोसे के साथ खेलते हैं।

नौवें नम्बर पर बनाए अक्षर पटेल ने रन
उल्लेखनीय है कि अक्षर पटेल नागपुर टेस्ट मैच में भारत के लिए 9वें नम्बर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। इसके बाद उनके बल्ले से शानदार शॉट देखने को मिले। एक बार जमने के बाद पटेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पीछे मुड़कर नहीं देखा। 84 रनों की पारी खेलते हुए उन्होंने भारतीय टीम को 400 के स्कोर तक पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications