IND vs AFG: रोहित शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 में 5 शतक वाले पहले बल्लेबाज बने
IND vs AFG 3rd T20: अफगानिस्तान के खिलाफ बेंगलुरु में भारतीय टीम ने 4 विकेट गिरने के बाद धमाकेदार अंदाज में वापसी की। टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने धाकड़ बैटिंग की। पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने शतक जमा दिया।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले बैटिंग करने का फैसला लिया। यह गलत साबित हुआ। जायसवाल 4 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद कोहली गोल्डन डक और शिवम दुबे 1 रन बनाकर आउट हो गए। मामला यहीं नहीं रुका। संजू सैमसन भी गोल्डन डक पर चलते बने।

यहाँ से रोहित शर्मा और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और स्कोर 50 के पार लेकर गए। 10 ओवर के बाद भारतीय टीम का स्कोर 61 रन था। यहाँ से रोहित ने गियर बदल लिया और तबाही मचाई। 41 गेंद में उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी कर बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने। कोहली को उन्होंने पछाड़ दिया। 15 ओवर में भारत का स्कोर 4 विकेट पर रन था।
रिंकू और रोहित ने 15 ओवर के बाद तूफानी बैटिंग की। 16वें ओवर में 22 रन जड़े। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए शतकीय भागीदारी हुई। दोनों उसी तरह बैटिंग करते चले गए और स्कोर 150 के पार लेकर गए।
रोहित ने पांचवां टी20 सैकड़ा जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। रिंकू ने भी फिफ्टी पूरी कर ली। अंतिम ओवर में लास्ट तीन गेंद में रिंकू ने लगातार 3 छक्के जड़े। इससे पहले रोहित ने 2 छक्के और 1 चौका जड़ा था, नो बॉल से फ्री हिट भी मिली। कुल 36 रन जड़कर दोनों ने भारत को 4 विकेट पर 212 तक पहुंचा दिया। रोहित ने 69 गेंद में 121 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 8 छक्के आए। रिंकू ने 39 गेंद में 69 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के उड़ाए।












Click it and Unblock the Notifications