IPL इतिहास में धोनी ने बताैर कप्तान बनाए 3 बड़े रिकाॅर्ड, क्या आप जानते हैं?
नई दिल्ली। 'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में इस्तीफा देकर सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने 12 आईपीएल सीजन के लिए कप्तानी की, इस दाैरान 4 बारटीम को चैंपियन भी बनाया। अब ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा चेन्नई की अगुवाई करते नजर आएंगे। हालांकि, क्रिकेट की दुनिया धोनी के चेन्नई की कप्तानी से चले जाने के प्रभाव को महसूस कर रही है, उनके नेतृत्व में एक युग का अंत हुआ है। धोनी को भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है। उन्होंने न केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्कि आईपीएल में भी कई ऐसे रिकाॅर्ड बनाए हैं, जो 2008 से खेल रहे हैं।
हालांकि, उनके सफर में मुश्किल समय भी आया जब 2016 और 2017 सीजन को चेन्नई सुपर किंग्स को स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी के लिए दो सत्रों के लिए बैन किया गया था। लेकिन फिर 2018 में चेन्नई की आईपीएल में वापसी के बाद धोनी फिर से टीम में शामिल हो गए। आइए जानें धोनी के बताैर कप्तान बने 3 बड़े रिकाॅर्ड-
यह भी पढ़ें- ये हैं वो 3 कारण, जिसके चलते जडेजा को बनाया गया CSK का नया कप्तान

धोनी का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल
बता दें कि धोनी ने आईपीएल में 220 मैच खेले हैं और 204 मैचों में कप्तानी की। इस दाैरान उन्होंने 121 मैच जीते हैं। उन्होंने चेन्नई का नेतृत्व करते हुए 116 मैच जीते हैं और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स का नेतृत्व करते हुए 5 मैच जीते हैं। ऐसे में धोनी आईपीएल में 100 या इससे ज्यादा मैच जीतने वाले पहले कप्तान हैं। धोनी के बाद सबसे ज्यादा आईपीएल मैच जीतने वाले कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 75 मैच जीते हैं।

बताैर कप्तान सबसे ज्यादा मैच
इसके अलावा धोनी ने 204 मैचों में आईपीएल का नेतृत्व किया है, जिससे वह आईपीएल में सबसे अधिक कैप्ड कप्तान बन गए हैं। इतना ही नहीं, वह 200 से अधिक आईपीएल मैचों में कप्तानी करने वाले एकमात्र कप्तान भी हैं। उनके बाद इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर कोहली हैं, जिन्होंने 140 मैचों में आईपीएल की कप्तानी की है।

घर में खिताब जीतने वाले पहले कप्तान
चेन्नई सुपर किंग्स ने चेन्नई में अपने घरेलू मैदान पर फाइनल खेलकर 2011 का आईपीएल खिताब जीता। तब उन्होंने फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराया था। इसलिए धोनी पहले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने होम ग्राउंड पर फाइनल खेलकर खिताब जीता हो। धोनी से पहले सचिन तेंदुलकर के पास 2010 में और 2016 में विराट कोहली के पास ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका था। हालांकि फाइनल मुकाबले में उन्हें हार माननी पड़ी थी।
वहीं धोनी के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 220 मैच खेले हैं, जिसमें 39.55 की औसत से 4746 रन बनाए हैं। साथ ही 23 अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने विकेटकीपिंग करते हुए 161 विकेट भी लिए हैं। धोनी ने अपना ज्यादातर आईपीएल करियर बतौर कप्तान बिताया है। उन्होंने अब तक खेले गए 14 आईपीएल सीजन में से 13 में कप्तानी की है।












Click it and Unblock the Notifications