गुजरात टाइटन्स के हेड कोच बोले- ऐसी कोई T20 टीम नहीं जहां हार्दिक फिट नहीं बैठते
नई दिल्ली। आईपीएल 2022 के लिए मेगा नीलामी रविवार (13 फरवरी) को खत्म हुई, जहां 10 टीमों द्वारा कुल 204 खिलाड़ियों को खरीदा गया था। इस साल की नीलामी खास रही, क्योंकि इस बार दो नई टीमों - लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स ने भी कुछ खिलाडियों पर करोड़ों में बोली लगाकर खिताब जीतने की दावेदारी पेश की है।
यह भी पढ़ें- IPL 2022 : वो 5 खिलाड़ी, जो थे बहुत मोटी रकम पाने के हकदार, लेकिन नहीं मिली

हार्दिक को लेकर चिंचित नहीं हैं नेहरा
गुजरात टीम की कप्तानी हार्दिक पांड्या करेंगे, जो ड्राफ्ट खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले ही 15 करोड़ रूप में खरीद लिए गए थे। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और स्टार स्पिनर राशिद खान को भी नीलामी से पहले ही गुजरात ने शामिल कर लिया था। टाइटन्स के पास एक स्टार कोचिंग लाइन-अप है। साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज गैरी कर्स्टन को बल्लेबाजी कोच के साथ-साथ टीम के मेंटर के रूप में भी शामिल किया गया है। इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज विक्रम सोलंकी को क्रिकेट निदेशक और 2011 विश्व कप विजेता टीम के सदस्यों में से एक पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा टीम के मुख्य कोच हैं। टाइटन्स के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस और उससे भी ज्यादा उनकी गेंदबाजी है। हालांकि कोच आशीष नेहरा इससे ज्यादा चिंतित नहीं हैं।

उसे बल्लेबाज के रूप में पाकर खुश हैं
नेहरा ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि गुजरात फ्रेंचाइजी हार्दिक को एक बल्लेबाज के रूप में पाने से ज्यादा खुश है। नेहरा ने कहा, "यदि हार्दिक गेंदबाजी करता है तो बहुत अच्छी बात है। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो हार्दिक पांड्या को एक शुद्ध बल्लेबाज के रूप में पाकर हम काफी खुश हैं। दुनिया की कोई भी टी20 टीम नहीं ऐसी नहीं है जहां हार्दिक एक बल्लेबाज के रूप में फिट नहीं बैठते। मैं सिर्फ आईपीएल की बात नहीं कर रहा हूं। वह जिस भी नंबर पर बल्लेबाजी करना चाहता है, वह 4 या 5 या 6 हो।"
गाैर हो कि पीठ की सर्जरी करवाने के बाद हार्दिक भारतीय टीम के लिए लगातार गेंदबाजी नहीं कर पाए हैं और इसके लिए उनकी आलोचना भी की गई है। हार्दिक को अपनी वापसी के बाद से भारतीय टीम के लिए एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की भूमिका निभानी बाकी है। टी20 विश्व कप के लिए टीम में उनका चयन संदेह के घेरे में आता दिख रहा है क्योंकि हार्दिक बल्ले से सर्वश्रेष्ठ फॉर्म नहीं दिखा पा रहे हैं और साथ ही पूरी तरह से गेंदबाजी भी नहीं कर पा रहे थे।

वह सिर्फ बल्लेबाजी के लिए फिट हैं तो खुशी होगी
गुजरात टाइटंस ने मेगा नीलामी में ऑलराउंडर के रूप में राहुल तेवतिया, जयंत यादव और विजय शंकर को चुना है। नेहरा ने कहा, 'हां हार्दिक की गेंदबाजी को लेकर हमेशा अटकलें होती रहती हैं। अगर वह गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी कर सकता है तो यह बहुत अच्छा होगा। लेकिन हां, अगर वह सिर्फ बल्लेबाजी ही बहुत अच्छी करता है तो मुझे बहुत खुशी होगी।" नेहरा ने कहा कि हार्दिक आगामी आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे ताकि वह भारतीय टीम में वापसी कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications