ICC World Cup: वीरेंदर सहवाग ने की बड़ी भविष्यवाणी, सेमीफाइनल की 4 टीमों का नाम बताया
ICC World Cup, Virender Sehwag Prediction: वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी होने के साथ ही इस पर चर्चा भी हो रही है। आईसीसी के लॉन्चिंग इवेंट में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग भी पैनल में थे। उनके अलावा रवि शास्त्री और श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन ने भी इस पर चर्चा की।
सहवाग ने भारतीय टीम को 2011 की स्थिति बरकरार रखने की सलाह देते हुए कप जीतकर आने के लिए कहा। इसके अलावा सहवाग ने इस सीजन सेमीफाइनल में जाने वाली चार टीमों के बारे में भी जिक्र किया। सेमीफाइनल की चार टीमों में सहवाग ने दो बड़ी टीमों को बाहर कर दिया।

आईसीसी के अनुसार सहवाग ने साल 2011 के वर्ल्ड कप को लेकर कहा कि उस समय हमारे सामने एक लक्ष्य था कि हमें यह टूर्नामेंट सचिन तेंदुलकर के लिए जीतना है। उनका वह अंतिम वर्ल्ड कप था। विराट कोहली के लिए भी वही स्थिति है। वह हमेशा 100 फीसदी से ज्यादा एफर्ट डालते हैं और हर कोई उनके लिए टूर्नामेंट जीतना चाहेगा।
सहवाग ने सेमीफाइनल में जाने के लायक चार टीमों की घोषणा भी कर दी। इनमें उन्होंने एशिया से भारत और पाकिस्तान का नाम लिया। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को उन्होंने इस रेस से बाहर कर दिया। इसके अलावा गत विजेता इंग्लैंड टीम के अलावा ऑस्ट्रेलिया को भी उन्होंने टॉप चार में शामिल किया।
वीरेंदर सहवाग ने कहा कि मैं समझता हूं कि विराट कोहली को भी इस वर्ल्ड कप का इंतजार है क्योंकि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनको एक लाख लोग देखने के लिए आएँगे। उनको यह भी मालूम है कि पिचों का बर्ताव कैसा रहने वाला है। मुझे लगता है कि वह काफी रन बनाएंगे और भारत की जीत के लिए अपना बेस्ट देंगे।
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा नज़र भारत और पाकिस्तान के बीच मैच पर रहती है। टीम इंडिया के खिलाफ पाकिस्तान का मैच 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। भारतीय टीम अब तक एकदिवसीय वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से कभी नहीं हारी है।












Click it and Unblock the Notifications