हिंदुस्तान की बेटियों ने बढ़ाया देश का मान, वर्ल्ड कप जीतकर शान से लहराया तिरंगा, रचा इतिहास
भारतीय टीम ने फाइनल मैच में शुरू से ही इंग्लैंड के ऊपर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी, भारतीय टीम ने पहला ही संस्करण जीत इतिहास रचा है।

ICC U-19 Womens's T20 World Cup: आईसीसी महिला अंडर 19 टी20 वर्ल्ड कप के पहले सीजन को जीतकर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पोचेफ्सट्रूम में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट के अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम खास नहीं कर पाई। पूरी इंग्लिश टीम 18वें तक 68 रनों के मामूली स्कोर पर आउट हो गई। इसके बाद भारतीय टीम के लिए राह आसान नज़र आ रही थी।
भारतीय टीम की कप्तान शेफाली वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह सही फैसला साबित हुआ। इंग्लैंड की ओपनर लिबर्टी हीप बिना खाता खोले आउट हो गईं। उनके फियोना होलैंड भी 10 रन बनाकर आउट हो गईं। ग्रेस स्क्रिवेंस भी 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इस तरह इंग्लैंड की टीम पूरी तरह से लड़खड़ा गई। इंग्लिश टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रयाना मैकडोनल्ड थीं, उनके बल्ले से 19 रनों की पारी देखने को मिली। 18वें ओवर में इंग्लैंड की पूरी टीम 68 रन बनाकर आउट हो गई।
भारतीय टीम के लिए तीन गेंदबाजों को 2-2 विकेट मिले। टिटास साधू को 2 विकेट मिले। उनके अलावा अर्चना देवी और प्रशवी चोपड़ा ने भी 2-2 विकेट चटकाए। मन्नत कश्यप, शेफाली वर्मा और सोनम यादव ने भी शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। इन तीनों गेंदबाजों ने भी 1-1 विकेट अपने खाते में शामिल किये। इस तरह टीम इंडिया के लिए हर गेंदबाज को विकेट मिले।
जवाब में खेलते हुए भारत ने कप्तान शेफाली वर्मा का विकेट जल्दी गंवा दिया। वह 15 रन बनाकर चलती बनीं। उनके बाद श्वेता सेहरावत 5 रन बनाकर आउट हुईं। सौम्या तिवारी और तृषा ने मोर्चा संभालते हुए टीम को आगे पहुँचाया। तृषा 24 रन बनाकर आउट हो गईं लेकिन तिवारी 24 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस तरह भारतीय टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट पर 69 रन बनाते हुए इतिहास रच दिया और पहली बार हुए इस टी20 वर्ल्ड कप का खिताबा हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications