भारत के बिना नहीं हो सकती चैम्पियंस ट्रॉफी, आईसीसी ने दिया पाकिस्तान को झटका, जानें कैसे रातोंरात बदला गेम?
ICC Champions Trophy: आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी का शेड्यूल घोषित होना है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से अड़ंगा लगाया जा रहा है। भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने को लेकर पहले ही जानकारी आ गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड हाइब्रिड मॉडल नहीं अपनाने की जिद्द पर अड़ा है लेकिन आईसीसी से अब उनको झटका मिला है।
आईसीसी का प्रयास है कि भारत के मैच पाकिस्तान से बाहर आयोजित किये जाएं। पीसीबी को चीजें समझाने का प्रयास हो रहा है कि भारत के बिना टूर्नामेंट आयोजित करना संभव नहीं है। यह भी बताने की कोशिश हो रही है कि कैसे चैम्पियंस ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल में आयोजित कराने से फायदा होगा।

उधर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हेड मोहसिन नकवी ने इसे मानने से साफ़ मना कर दिया है। नकवी का कहना है कि टूर्नामेंट का आयोजन हम अपने देश के अंदर ही करेंगे। हाइब्रिड मॉडल नहीं अपनाया जाएगा। अंदरखाने उनकी भी आईसीसी से बात चल रही है लेकिन बाहर कुछ और ही बयान आ रहे हैं।
इससे पहले पीसीबी ने आईसीसी को एक पत्र लिखते हुए कहा था कि बीसीसीआई से यह स्पष्टीकरण माँगा जाना चाहिए कि क्यों भारतीय टीम टूर्नामेंट खेलने पाकिस्तान में नहीं आ सकती। हालांकि बीसीसीआई की तरफ से कोई बयान नहीं आया लेकिन खबरों की मानें तो सुरक्षा को लेकर भारत सरकार की एडवाइजरी फॉलो की गई है।
नकवी का कहना है कि आईसीसी जल्दी ही इवेंट का शेड्यूल घोषित करेगी। हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को यह नहीं भूलना चाहिए कि आईसीसी में जय शाह हेड हैं और भारतीय टीम के बिना टूर्नामेंट होना संभव नहीं दिखता। एशिया कप के दौरान भी पाकिस्तान ने कुछ इसी तरह की बयानबाजी की थी लेकिन हुआ वही जो जय शाह की अध्यक्षता वाली एशियाई क्रिकेट परिषद ने किया। ऐसे में इस बार भी लग रहा है कि टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल के साथ ही आयोजित होगा।












Click it and Unblock the Notifications