Asia Cup 2022: बाबर आजम के लिए खतरा बने सूर्यकुमार यादव, छीन सकते हैं टी-20 की बादशाहत
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम हांगकांग के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेंगे। भारत के खिलाफ एशिया कप के पहले मुकाबले में वह बड़ा स्कोर बनाने में सफल नहीं हो सके थे।
नई दिल्ली, 2 सितंबर। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम हांगकांग के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेंगे। भारत के खिलाफ एशिया कप के पहले मुकाबले में वह बड़ा स्कोर बनाने में सफल नहीं हो सके थे। लेकिन पाकिस्तान को अपने कप्तान से हांगकांग के खिलाफ बड़ी पारी की उम्मीद होगी। बाबर आजम का टी-20 रिकॉर्ड शानदार रहा है और वह इस फॉर्मेट को खासा पसंद भी करते हैं।

टी20 रैंकिंग में टॉप पर हैं बाबर आजम
टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की बादशाहत कायम है। टी20 रैंकिंग में बाबर आजम 818 प्वाइंट्स के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। लेकिन अगर एशिया कप में उनका प्रदर्शन नहीं सुधरा तो भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव उन्हें पछाड़ सकते हैं। सूर्यकुमार यादव इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं और पिछले कुछ मुकाबलों से उनका बल्ला जमकर हल्ला बोल रहा है।

बाबर और सूर्या के बीच है 24 अंक का फासला
बाबर आजम और सूर्यकुमार यादव के बीच टी20 रैंकिंग में 24 अंकों का फासला है। लेकिन यह फासला आने वाले मैचों में मिट सकता है। यह डिपेंट करता है कि बाबर आजम और सूर्यकुमार यादव दोनों एशिया कप में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं। हांगकांग के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की थी, उसे देखकर यह कहा जा सकता है कि सूर्यकुमार यादव जल्द ही बाबर को पीछे छोड़ सकते हैं।

जबरदस्त फॉर्म में हैं सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव अब तक 25 टी-20 मैच खेल चुके हैं। अपने इस छोटे से टी-20 करियर में उन्होंने छह अर्धशतक और एक शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं। टी-20 के अलावा वनडे में भी सूर्यकुमार यादव भारत के भरोसेमंद बल्लेबाज बनते जा रहे हैं। यादव ने हांगकांग के खिलाफ 26 गेंद पर 68 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। सूर्यकुमार यादव एशिया कप के साथ-साथ टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारत के सबसे उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

ऐसे छोड़ सकते हैं पीछे
एशिया कप में सूर्यकुमार यादव के पास बाबर आजम से आगे निकलने का मौका होगा। अगर बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान बल्ले से अपना कमाल दिखाने में नाकाम रहते हैं। इसके अलावा अगर पाकिस्तान सुपर फोर में क्वालिफाई करने में सफल नहीं हो पाती है तो फिर सूर्यकुमार यादव बाबर आजम की टी-20 की बादशाहत को अपने नाम कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications