IND vs WI: तीसरे टी20 में मैच जिताऊ पारी के बाद ICC से मिला सूर्यकुमार यादव को नायाब तोहफा
तीसरे टी20 में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से मात दी।
नई दिल्ली, 3 अगस्त: तीसरे टी20 में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से मात दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने भारत को 165 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच टी20 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया की ओर से सूर्यकुमार यादव ने सबसे अधिक 44 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 शानदार छक्के जड़े। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 26 गेंदों में 33 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

बाबर आजम टॉप पर
तीसरे टी20 में शानदार प्रदर्शन का सूर्यकुमार को आईसीसी रैंकिंग में फायदा मिला है। वह आईसीसी टी20 की बल्लेबाजी रैंकिंग में 816 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। सीरीज के शेष दो मुकाबलों में अगर यादव अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप पर पहुंच जाएंगें। अभी पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 818 अकों के साथ पहले पायदान पर हैं। वहीं मोहम्मद रिजवान 794 अंकों के साथ तीसरे, 788 अंकों के साथ एडेन माक्रम चौथे और 731 अंकों के साथ डेविड मलान पांचवें स्थान पर हैं।

आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग
- बाबर आजम- 818
- सूर्यकुमार यादव- 816
- मोहम्मद रिजवान- 794
- एडेन माक्रम- 788
- डेविड मलान- 731

यादव का अब तक प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर में अब तक 13 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 34.00 की औसत और 98.83 के स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाए हैं। एकदिवसीय मुकाबलों में सूर्यकुमार ने अब तक 2 अर्धशतक जड़े हैं। वहीं 22 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 38.11 की औसत और 175.60 के स्ट्राइक रेट से 648 रन बनाए हैं। यादव ने टी20 में 5 अर्धशतक और 1 शतक जड़ा है। प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट में भी यादव का बल्ला जमकर चला है। उन्होंने प्रथम श्रेणी में 5326 रन जबकि लिस्ट ए में 3194 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications