IPL नीलामी में 13.50 करोड़ पाने वाले खिलाड़ी की मौज, आईसीसी से मिला ये बड़ा सम्मान
ICC Men Player of the Month Award: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा वह टी-20 में भी टीम के लिए कई मैच विनिंग पारी खेल चुके हैं।

ICC Men Player of the Month Award: इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रुक का बल्ला पिछले कुछ समय से लगातार हल्ला बोल रहा है। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने सबसे अधिक रन बनाने का कारनामा किया। हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान में जाकर पाकिस्तानी पिचों पर जमकर रन बरसाए। उन्होंने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में लगातार तीन शतक लगाने का कारनामा किया।

मिला 'प्लेयर ऑफ द मंथ' का खिताब
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को पछाड़ते हुए हैरी ब्रुक ने प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब अपने नाम किया है। पाकिस्तान दौरे पर इंग्लैंड ने 3-0 से टेस्ट सीरीज अपने नाम किया था। इस सीरीज जीत में हैरी ब्रूक का योगदान अहम रहा था। उन्होंने कराची में 111 रन, मुल्तान में 108 रन और रावलपिंडी में 153 रनों की पारी खेली थी। हैरी ब्रुक अभी इंग्लैंड के सबसे विश्वसनीय बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।

नीलामी में 13.25 करोड़ में बिके
अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण ही हैरी ब्रूक आईपीएल मिनी ऑक्शन में 13 करोड़ 50 लाख में बिके। हैरी ब्रूक पहली बार आईपीएल में खेलेंगे और टीम को उनके बल्ले से रनों की उम्मीद होगी। सनराइजर्स हैदराबाद ने एक करोड़ 50 लाख रुपये की बेस प्राइस वाले हैरी ब्रूक को 13 करोड़ 50 लाख के भारी भरकम की कीमत पर खरीदने का काम किया है। हैदराबाद के अलावा राजस्थान की टीम ने भी उनके लिए 13 करोड़ 25 लाख तक की बोली लगाई थी।

हैदराबाद के लिए खेलेंगे हैरी ब्रूक
ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (बीबीएल) में होबार्ट हरीकैंस के लिए खेलने वाले हैरी ब्रूक का प्रदर्शन शानदार रहा है। आईपीएल में भले ही उन्होंने अब तक एक भी मैच ना खेला हो, लेकिन छोटे फॉर्मेट में रन बनाने का अनुभव उनके पास है। ऐसे में वह सनराइजर्स हैदराबाद के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। दिसंबर के लिए आईसीसी प्लेयर आफ द मंथ का पुरस्कार जीतने के बाद हैरी ब्रूक ने इस पर अपनी खुशी जाहिर की।












Click it and Unblock the Notifications