ICC पूरी तरह से BCCI के कंट्रोल में है और हम भारत को मना नहीं कर सकते, पाकिस्तान से आया बयान
एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना प्रस्तावित है और भारत ने खेलने से मना किया है, ऐसे में पाकिस्तान से बयानबाजी जारी है।

इस साल एशिया कप पाकिस्तान में होना है और भारत ने पहले ही इस मुद्दे को लेकर अपना रुख साफ़ कर दिया है। बीसीसीआई ने पहले ही कह दिया कि टीम इंडिया खेलने के लिए वहां नहीं आएगी। इसके बाद पीसीबी के सामने इस मामले का हल निकालने की चुनौती खड़ी हो गई। पाक क्रिकेट बोर्ड प्रयास कर रहा है कि पूरी तरह से टूर्नामेंट पाकिस्तान से बाहर न जाए, भारतीय टीम के मैचों को लेकर कोई समाधान निकाला जाए। आईसीसी के ऊपर पाकिस्तान की तरफ से लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। अब्दुर रहमान ने आईसीसी को निशाने पर लिया है।
पाकिस्तान के पूर्व लेफ्ट आर्म स्पिनर अब्दुर रहमान ने कहा कि एशिया कप का आयोजन दुबई में नहीं होना चाहिए। आईसीसी के लिए काम करने वाले सभी लोग भारतीय हैं और आईसीसी भारत के कब्जे में है। भारत से ही 60-70 फीसदी फंड जनरेट होता है। हम ना कहने की स्थिति में ही नहीं हैं। अगर वे पाकिस्तान में खेलने के लिए नहीं भी आते हैं, तो हमें जाना चाहिए। हमें तो क्रिकेट खेलना है।
उल्लेखनीय है कि एशिया कप के लिए बीसीसीआई सचिव जय शाह ने काफी पहले ही कह दिया था कि वे पाकिस्तान में खेलने के लिए नहीं जाएंगे। पीसीबी ने इसके बाद मामले को लेकर कई तरह के बयान दिए थे लेकिन फायदा नहीं हुआ। इसके अलावा एशियन क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग भी बुलाई गई। वहां भी कोई हल नहीं निकला और भारत का स्टैंड वही था। पाकिस्तान को कहा गया कि मेजबानी पीसीबी के पास रहेगी लेकिन एशिया कप को अन्यत्र शिफ्ट किया जा सकता है, इस बारे में फैसला मार्च में होगा।
पीसीबी की कोशिश है कि इतने साल बाद उनके देश में बड़ा इवेंट आयोजित कराने का मौका आया है, ऐसे में इसे गंवाना नहीं चाहिए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस बात पर विचार कर रहा है कि भारतीय टीम के मैच यूएई में कराये जा सकते हैं। इसके अलावा अगर टीम इंडिया फाइनल में जाती है, तो वह मैच भी यूएई में हो सकता है। अन्य मैच पाकिस्तान में आयोजित कराने पर विचार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications