IND-W vs ENG-W: स्मृति मंधाना की ताबड़तोड़ पारी, भारत ने पहले वनडे मैच में इंग्लैंड को सात विकेट से हराया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने होव के काउंटी ग्राउंड में रविवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले को अपने नाम किया। इंग्लैंड को 7 विकेट से मात देने के साथ ही भारत ने वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया।
नई दिल्ली, 19 सितंबर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने होव के काउंटी ग्राउंड में रविवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले को अपने नाम किया। इंग्लैंड को 7 विकेट से मात देने के साथ ही भारत ने वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। भारत की इस जीत में स्मृति मंधाना, यस्तिका भाटिया और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई। टी-20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय महिला टीम के लिए यह जीत बेहद अहम है।

भारत ने सात विकेट से जीता मैच
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीतक कौर ने इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 7 विकेट पर 227 रन बनाने में कामयाब रही। भारतीय टीम ने 228 के लक्ष्य को 42.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की तरफ से स्मृति मंधाना ने सबसे अधिक 91 रनों की पारी खेली। लेकिन वह शतक लगाने से चूक गई।

स्मृति और यस्तिका ने निभाई 96 रनों की साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में ही शेफाली वर्मा के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। शेफाली वर्मा महज एक रन बनाकर केट क्रॉस की गेंद पर चार्ली डीन को अपना कैच थमा बैठी। हालांकि, इसके बाद स्मृति और यस्तिका ने 96 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की तरफ बढ़ाने का काम किया।

स्मृति के बल्ले से निकले 10 चौके और एक छक्का
भारत की ओर से मंधाना ने 99 गेंदों पर 91 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और एक छक्का भी लगाया। वहीं यस्तिका भाटिया ने 8 चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रही। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 74 रन बनाकर टीम की जीत को सुनिश्चित करते हुए भारत को साीरीज में बढ़त दिला दी।

झूलन गोस्वामी ने शानदार गेंदबाजी
इससे पहले भारत की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने 10 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट हासिल किया और इस दौरान 42 डॉट गेंद फेंकने में कामयाब रही। दीप्ति शर्मा ने 33 रन देकर दो विकेट झटकने का काम किया। इंग्लैंड की महिला टीम ने शुरुआती विकेट जल्द गंवाने के बाद सात विकेट खोकर 226 रन बनाने में कामयाब रही।












Click it and Unblock the Notifications