'रोहित शर्मा मोटे हैं', कांग्रेसी नेता ने हिटमैन को बताया भारत का सबसे खराब कप्तान, फैंस ने लगाई फटकार
Champions Trophy 2025, Rohit Sharma: कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर हैरान करने वाला बयान दिया है। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के बीच रोहित की तीखी आलोचना करके नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने रोहित को मोटा कहा और उनकी कप्तानी को देश के इतिहास में सबसे खराब बताया। जिसके बाद से ही रोहित शर्मा के फैंस गुस्से में नजर आ रहे हैं।
रोहित को लेकर शमा ने किया पोस्ट (Champions Trophy 2025, Rohit Sharma)
सोशल मीडिया पर मोहम्मद ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि रोहित शर्मा एक मोटे खिलाड़ी हैं! उन्हें वजन कम करने की जरूरत है! वह निश्चित रूप से भारत का अब तक का सबसे खराब कप्तान हैं। शमा मोहम्मद का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर फैंस लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। रोहित को लेकर की गई आलोचना पर रोहित के फैंस एतराज जता रहे हैं।

फैंस कर रहे जमकर आलोचना
भाजपा नेताओं और क्रिकेट फैंस की ओर से शमा मोहम्मद के पोस्ट पर लगातार आलोचनाएं की जा रही है। दरअसल, रोहित शर्मा को विश्व स्तरीय खिलाड़ी कहने वाले एक यूजर को जवाब देते हुए शमा ने ये बात लिखी। उन्होंने यूजर के इस दावे को खारिज कर दिया। इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी, विराट कोहली और कपिल देव जैसे भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ियों की तुलना में उनकी विरासत पर सवाल उठाया।
बॉडी शेमिंग का लगा आरोप
उन्होंने लिखा कि पुराने खिलाड़ियों की तुलना में उनमें ऐसा क्या है जो विश्वस्तरीय है? वह एक औसत दर्जे के कप्तान होने के साथ-साथ एक औसत दर्जे के खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें भारत का कप्तान बनने का सौभाग्य मिला। बीजेपी ने मोहम्मद की टिप्पणी की तुरंत निंदा की और कांग्रेस पर "बॉडी शेमिंग" और विश्व कप विजेता का अपमान करने का आरोप लगाया।
बीजेपी ने लगाई फटकार
कांग्रेस से नाता तोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाली बीजेपी नेता राधिका खेड़ा ने अपनी पूर्व पार्टी पर दशकों तक एथलीटों को अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि यह वही कांग्रेस है जिसने दशकों तक एथलीटों को अपमानित किया, उन्हें मान्यता देने से इनकार किया और अब एक क्रिकेट दिग्गज का मजाक उड़ाने की हिम्मत कर रही है? भाई-भतीजावाद पर पनपने वाली पार्टी एक स्व-निर्मित चैंपियन को उपदेश दे रही है?












Click it and Unblock the Notifications