'मुझे बताैर बल्लेबाज चुना गया था', हार्दिक ने सुनाया T20 विश्व कप में मिला दर्द
नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या ने टी20 विश्व कप 2021 के दाैरान खूब आलोचनाओं का सामना किया था। कारण था, उनका बताैर ऑलराउंडर ना उतरना। हार्दिक गेंदबाजी करने में असमर्थ दिख रहे थे, इस कारण उनकी उपस्थिति पर सवाल उठने लगे। बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने कहा था कि पांड्या को एक ऑलराउंडर के रूप में चुना गया है और वह नियमित रूप से चार ओवर का अपना कोटा फेंकेंगे। लेकिन अब हार्दिक ने कहा कि उन्हें एक बल्लेबाज के रूप में टीम में चुना गया था और एक मैच में गेंदबाजी की गई थी, जहां उन्हें नहीं करनी चाहिए थी।
यह भी पढ़ें- विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, बताई वो वजह जिसके चलते छोड़नी पड़ी टेस्ट कप्तानी

लगा कि सारा दोष मेरे पर थोपा जा रहा है
बोरिया के साथ बात करते हुए ऑलराउंडर ने कहा कि उन्हें टी20 विश्व कप के दाैरान टीम की असफलता का पूरा दोष उनपर लगाया जा रहा है। हार्दिक ने कहा, "विश्व कप में हम जिस स्थिति में थे, मुझे लगा कि सारा दोष मेरे पर ही थोपा जा रहा है। मुझे एक बल्लेबाज के रूप में टीम में चुना गया था। मैंने पहले मैच में गेंदबाजी करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन मैं नहीं कर पाया था। मैंने फिर दूसरे मैच में गेंदबाजी की, जबकि मुझे नहीं करनी चाहिए थी।"

देश के लिए विश्व कप जीतना चाहता हूं
गाैर हो कि एक और टी20 विश्व कप इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाला है। हार्दिक की नजरें इस बार फिर से टीम में जगह बनाने पर होंगी, ताकि जो योगदान पिछली बार नहीं दे सकते थे वो इस बार देकर टीम को खिताब दिलाने में मदद कर सकें। हार्दित ने कहा, "अब मेरा मुख्य उद्देश्य विश्व कप से पहले फाॅर्म को हासिल करना है। मेरी सारी ट्रेनिंग, प्लानिंग, तैयारी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर हो रही है। मैं देश के लिए विश्व कप जीतना चाहता हूं। यह मुझे वास्तव में खुश और गौरवान्वित करेगा। यह मेरे लिए एक जुनून की तरह है।" हार्दिक 2019 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे विश्व कप से ही फिटनेस से झूझ रहे थे। उन्होंने पीठ की सर्जरी भी कराई, लेकिन इसके बावजूद वे बॉलिंग फिटनेस हासिल नहीं कर पाए। आईपीएल के पिछले सीजन में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की थी।

इस बार करेंगे कप्तानी
बता दें कि इस बार हार्दिक आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस ने उन्हें रिलीज कर दिया था। अब हार्दिक पांड्या को लखनऊ की टीम में कप्तानी का जिम्मा दिया गया है। हार्दिक को अहमदाबाज ने 15 करोड़ रूपए में अपने साथ जोड़ा है। हार्दिक पहली बार किसी आईपीएल टीम की कप्तानी करने जा रहे हैं। अब देखना होगा कि इस भूमिका में वह खुद को कैसे साबित करेंगे। अगर उनकी कप्तानी में अहमदाबाद कमाल का प्रदर्शन करती है तो फिर उनकी भारतीय टीम में वापसी तय है।












Click it and Unblock the Notifications