पहले ही टी20 में मैन ऑफ द मैच बने हार्दिक पांड्या, बोले- मैं टीम में अच्छी वापसी करना चाहता था
साउथहैंपटन, जुलाई 08। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन किया। पांड्या ने पहले तो बल्लेबाजी के दौरान हाफ सेंचुरी लगाई तो वहीं गेंदबाजी में 4 विकेट अपने नाम कर उन्होंने टी20 करियर का बेस्ट परफॉर्मेंस भी किया। भारत की 50 रनों से हुई जीत में हार्दिक पांड्या का अहम योगदान रहा। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

मैं अभी क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं- हार्दिक पांड्या
आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या पिछले 2 साल से पीठ और कंधे की चोट से परेशान थे। उनकी एक सर्जरी भी हुई थी। आईपीएल में उन्होंने फिर मैदान पर वापसी की थी। आईपीएल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम को चैंपियन बनाया। फिर अब हार्दिक पांड्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट में जबरदस्त वापसी की है। अपने इस प्रदर्शन को लेकर हार्दिक पांड्या ने कहा है कि वो इस वक्त बहुत खुश हैं, क्योंकि लंबे ब्रेक के बाद वो भारतीय टीम में अच्छी वापसी करना चाहते थे। हार्दिक पांड्या ने कहा है कि मैं अभी सिर्फ क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं और हर मैच में अपना 100 फीसदी देने का प्रयास रहता है।

मुझे लंबे ब्रेक की जरूरत थी- हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कहा, "जब मैंने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मुकाबला खेला था तो उसमें भी 4 विकेट के लिए थे और 30 से अधिक रन बनाए थे, इसलिए मुझे पता था कि मैं पहला भारतीय बन गया हूं, जिसने अब हाफ सेंचुरी जड़ी है 4 विकेट भी लिए हैं। मैं अभी अपने क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। मेरे लिए अपने शरीर को तैयार होने में काफी समय लगता है।" पांड्या ने आगे कहा कि मुझे जो लंबा ब्रेक मिला है, उसका फायदा मुझे मिल रहा है। मैंने इस ब्रेक में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया और फॉर्म में वापसी की। पांड्या ने कहा कि मुझे उस ब्रेक की जरूरत थी और अब मैं टीम में आकर बहुत खुश हूं।

पांड्या ने रच दिया इतिहास
आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या ने पहले टी20 मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले तो 51 रन की पारी खेली और उसके बाद गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। हार्दिक पांड्या ने प्रदर्शन के जरिए एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दरअसल, पांड्या किसी टी20 मुकाबले में पहले ऐसे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं, जिसने हाफ सेंचुरी के साथ-साथ 4 विकेट लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था, जिन्होंने साल 2009 में 60 रन की पारी खेली थी और 3 विकेट लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications