कैसे होता है आईसीसी चेयरमैन का चुनाव? जय शाह इस तरह बने ग्लोबल बॉडी के नये बादशाह
Process to Elect ICC Chairman: आईसीसी के नए चेयरमैन के रूप में जय शाह का चयन हुआ है और वह अपना कार्यकला दिसम्बर में संभालने वाले हैं। जय शाह को निर्विरोध चुना गया है। जय शाह ने नामांकन दाखिल किया था, उसी समय ऐसे कयास लगाये जाने लगे थे कि वह नए हेड बनेंगे।
आईसीसी चेयरमैन बनने की दौड़ में शामिल होने के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त रखी गई थी। शाह ने नामांकन दाखिल किया था लेकिन दूसरी तरफ से किसी ने भी फॉर्म नहीं भरा। ग्रेग बार्कले ने पहले ही तीसरे कार्यकाल में जाने से मना कर दिया था।

आईसीसी के नियमों के मुताबिक़ चेयरमैन बनने के लिए दो या उससे ज्यादा उम्मीदवारों का होना जरूरी है। ऐसा करने पर ही चुनाव होते हैं। अगर एक ही उम्मीदवार रहता है, तो चुनाव नहीं होता है। उस स्थिति में नया चेयरमैन निर्विरोध ही चुन लिया जाता है।
नए चेयरमैन के चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया होती है। अगर दो या उससे ज्यादा लोग चुनाव लड़ते हैं, तब वोटिंग कराई जाती है। 51 फीसदी वोट पाने वाले उम्मीदवार की जीत मानी जाती है और उसे नया चेयरमैन चुन लिया जाता है। इस स्थिति में आईसीसी बोर्ड के मेम्बर वोटिंग करते हैं।
आईसीसी बोर्ड में कुल 16 सदस्य हैं और इनमें से 9 वोट पाने वाले कैंडिडेट की जीत होती है और वही नया हेड बन जाता है। जय शाह के मामले में यह प्रक्रिया नहीं अपनाई गई थी। उनको पहले से ही 16 में से लगभग 14 से 15 बोर्ड मेम्बर्स का समर्थन प्राप्त था और जीत भी तय थी।
जय शाह के पास पर्याप्त बोर्ड मेम्बर्स का समर्थन प्राप्त होने की वजह से अन्य किसी भी देश से कोई उम्मीदवार खड़ा ही नहीं हुआ क्योंकि हार सामने दिखाई दे रही थी। इस वजह से नामांकन का समय पूरा होने पर सिर्फ शाह का फॉर्म ही आईसीसी के पास आया था और उनको तुरंत निर्विरोध चुन लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications