T20 World Cup 2026: अफगानिस्तान की कैसे चमकेगी किस्मत? सुपर 8 का जादुई समीकरण जिससे पलटेगी बाजी
T20 World Cup 2026: यूएई के खिलाफ मिली रोमांचक जीत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 की रेस को पूरी तरह से गरमा दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ग्रुप D के मुकाबले में राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान टीम ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर अपनी उम्मीदों को किसी तरह सांसें दी हैं।
इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे अजमतुल्लाह उमरजई, जिन्होंने पहले अपनी घातक गेंदबाजी से 4 विकेट चटकाए और फिर मुश्किल वक्त में महज 21 गेंदों पर नाबाद 40 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच अफगानिस्तान की झोली में डाल दिया।

इस जीत के जश्न के बीच हकीकत यह भी है कि अफगानिस्तान की किस्मत अब उनके अपने हाथ में नहीं रह गई है। अगर उन्हें सुपर-8 के अगले दौर में पहुंचना है, तो उन्हें खुद के प्रदर्शन से ज्यादा दूसरी टीमों के नतीजों और किस्मत के भरोसे बैठना होगा। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका पहले ही क्वालीफाई कर चुका है और यूएई की टीम बाहर हो चुकी है, जिससे अब सिर्फ एक पायदान के लिए तीन टीमों के बीच जंग छिड़ गई है।
कनाडा के लिए करनी होगी दुआ
अफगानिस्तान के लिए सबसे अहम बात यह है कि उन्हें कल होने वाले मैच में कनाडा की जीत की दुआ करनी होगी। अगर कनाडा की टीम न्यूजीलैंड को हरा देती है, तभी अफगानिस्तान के लिए रास्ता खुलेगा। इसके बाद अफगानिस्तान को अपने आखिरी मैच में उसी कनाडा को बड़े अंतर से हराना होगा ताकि उनका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो सके।
अन्य टीमों का क्या है समीकरण
दूसरी ओर मिचेल सेंटनर की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड की टीम अभी भी सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। अगर न्यूजीलैंड अपना अगला मैच जीत जाता है, तो अफगानिस्तान का सफर वहीं खत्म हो जाएगा और उनका आखिरी मैच महज एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि कनाडा के पास भी अभी मौका है, अगर वे अपने बाकी बचे दोनों मैच जीत लेते हैं तो वे सीधे क्वालीफाई कर जाएंगे। कुल मिलाकर, अफगानिस्तान अब एक ऐसी ढलान पर खड़ा है जहां उसे अपनी ताकत से ज्यादा चमत्कार की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications