रोहित शर्मा और विराट कोहली की रैंकिंग बहाल, खलबली मचने पर आईसीसी ने मानी गलती
Rohit Sharma-Virat Kohli: भारत के दो दिग्गज क्रिकेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। दोनों के बारे में खबरें यही थीं कि वे एकदिवसीय क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। एकदिवसीय क्रिकेट में अभी टीम इंडिया की कोई सीरीज नहीं है। अंतिम बार दोनों ने चैम्पियंस ट्रॉफी में इस साल हिस्सा लिया था।
आईसीसी ने ताजा एकदिवसीय रैंकिंग जारी कर फैन्स के कान खड़े कर दिए हैं। रैंकिंग में रोहित शर्मा और कोहली को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को अब एकदिवसीय क्रिकेट में वापस कभी नहीं देखा जाएगा?

पिछले सप्ताह की एकदिवसीय रैंकिंग में रोहित शर्मा टॉप दो में शामिल थे, उन्होंने बाबर आज़म को पीछे करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था लेकिन अब बाबर फिर से दूसरे स्थान पर हैं और रोहित शर्मा को पूरी तरह से गायब कर दिया गया है, कुछ ऐसा ही हाल विराट कोहली का है।
विराट कोहली पिछले सप्ताह चौथे स्थान पर थे लेकिन अब उनकी जगह श्रीलंका के चरित असलंका ने ले ली है। चौथे स्थान से विराट कोहली को गायब कर दिया गया। वह भी रैंकिंग में कहीं दिखाई नहीं दिए। न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल को तीसरा स्थान हासिल हुआ है। इस तरह कोहली और रोहित दोनों ही एकदिवसीय रैंकिंग से बाहर किये गए हैं।
कितने समय में मैच खेलना जरूरी?
आईसीसी रैंकिंग से प्लेयर को तब हटाया जाता है, जब निश्चित समय सीमा में कोई मैच नहीं खेला जाता. तय सीमा में कम से कम एक मैच खेलना होता है. मैचों के लिए यह अवधि टेस्ट में 12 से 15 महीने और टी20 तथा वनडे मैचों के लिए 9 से 12 महीने होती है।
रिटायरमेंट में किया जाता है रैंकिंग से बाहर?
रोहित और कोहली दोनों ने इस साल 9 मार्च को अंतिम बार भारत के लिए एकदिवसीय मैच खेला था, दोनों ने चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व किया था। इस वजह से समय सीमा में मैच खेलने वाला नियम लागू नहीं होता, फिर रिटायरमेंट ही होता है, जिसके कारण रैंकिंग से बाहर किया जाता है। इस पर आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं हुई, बाद में आईसीसी को तकनीकी खामी का अहसास हुआ, तो रैंकिंग ठीक की गई और रोहित को दूसरे स्थान पर लाया गया, कोहली चौथे स्थान पर आ गए।












Click it and Unblock the Notifications