41 गेंदों में 91 रन, फिर इंटरव्यू में छलके आंसू, क्यों बीच में माइक फेंककर चली गईं हरमनप्रीत कौर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी और पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 41 गेंदों में नाबाद 91 रन बनाए। उनकी इस पारी के बाद हुआ एक इंटरव्यू भी चर्चा का विषय बन गया, जिसमें वह अपनी बात कहते हुए भावुक हो गईं। कप्तानी की जिम्मेदारी से अलग होने के बाद यह पारी उनके लिए एक अहम मौका थी।
हरमनप्रीत ने 6 अक्टूबर को भारतीय महिला टीम की तीनों प्रारूपों की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने खिलाड़ी के तौर पर भारतीय क्रिकेट के लिए खेलना जारी रखने की बात कही थी। स्मृति मंधाना को टीम की कप्तानी सौंपी गई। इस बदलाव के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज हरमनप्रीत के लिए अपने खेल पर ध्यान देने का अवसर थी।

इंटरव्यू में क्यों भावुक हुईं हरमनप्रीत?
मैच के दौरान अपनी पारी के बाद हरमनप्रीत पूर्व भारतीय कोच डब्ल्यूवी रमन से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने बताया कि रमन ने उनसे कहा था कि अब वह वही करें, जो वह करना चाहती हैं। हरमनप्रीत ने इस सलाह के लिए उनका आभार जताया और कहा कि वह अपने खेल का आनंद लेना चाहती हैं।
यह बात कहते हुए उनकी आवाज भर्रा गई और वह अपने आंसू पोंछती नजर आईं। इंटरव्यू के अंत में उन्होंने माइक आगे की ओर फेंका और वहां से चली गईं। यह पल चर्चा में रहा हालांकि उन्होंने अपने भावुक होने की कोई अलग वजह स्पष्ट रूप से नहीं बताई, शायद करियर के मुश्किल दौर को याद कर वह उनके आंसू आ गए।
41 गेंदों में 91 रन की पारी
हरमनप्रीत ने अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। शेफाली ने भी 37 गेंदों में 69 रन बनाए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 216 रन बनाए और मुकाबला 92 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की।
नेट्स में मेहनत का भी मिला फायदा
हरमनप्रीत ने अपनी पारी का श्रेय बल्लेबाजी कोच हिमांशु को भी दिया। उन्होंने बताया कि नेट्स में उन पर काफी मेहनत की जा रही थी। उनके मुताबिक, बल्लेबाजी के दौरान अपने स्वाभाविक खेल का आनंद लेना उनके लिए अहम था। उनकी इस पारी ने दिखाया कि कप्तानी की जिम्मेदारी से अलग रहते हुए भी वह बल्ले से टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
