WBBL: विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में चयनित होने वाली इकलौती भारतीय बनीं हरमनप्रीत
Harmanpreet Kaur: हरमनप्रीत कौर महिला बिग बैश लीग (WBBL) के विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में चुनी जाने वाली एकमात्र भारतीय बन गई हैं। भारतीय महिला टीम की कप्तान को मेलबर्न रेनेगेड्स ने अपनी टीम में बरकरार रखा है।
प्लेटिनम कैटेगरी में हरमनप्रीत का नाम
दरअसल, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा सहित कुल 18 भारतीय खिलाड़ियों का नाम डब्ल्यूबीबीएल के शुरूआती विदेशी ड्राफ्ट में शामिल था, लेकिन हरमनप्रीत के अलावा किसी को भी नहीं चुना गया। हरमनप्रीत का नाम प्लेटिनम कैटेगरी में है।

हरमनप्रीत ने 2021-22 सेशन के दौरान रेनेगेड्स के लिए दमदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 12 पारियों में 58.00 की औसत और 130.96 के स्ट्राइक रेट से 406 रन बनाए थे, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 81 रन था। हरमनप्रीत को रेनेगेड्स ने वेस्टइंडीज के हेले मैथ्यूज के साथ बरकरार रखा है।
हरमनप्रीत ने 2016-17 में सिडनी थंडर के साथ डब्ल्यूबीबीएल डेब्यू किया था। हरमनप्रीत के रिटेंशन पर बोलते हुए, रेनेगेड्स के मुख्य कोच साइमन हेल्मोट ने कहा कि, 'मुझे बहुत खुशी है कि हमें वे दोनों (हरमनप्रीत और हेले) मिलीं और मैं इस साल फिर से हमारे साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।'
हरमनप्रीत की घरेलू फ्रेंचाइजी टी20 टीमों की लंबी सूची में लंकाशायर थंडर, सुपरनोवाज, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स और ट्रेंट रॉकेट्स (द हंड्रेड) और मुंबई इंडियंस (महिला प्रीमियर लीग) शामिल हैं।
डब्ल्यूबीबीएल विदेशी ड्राफ्ट में हरलीन देयोल, हर्ले गाला, ऋचा घोष, मन्नत कश्यप, अमनजोत कौर, वेदा कृष्णमूर्ति, शिखा पांडे, श्रेयंका पाटिल, स्नेह राणा, मेघना सब्बीनेनी, मेघना सिंह, रेनुका ठाकुर, पूजा वस्त्राकर और राधा यादव जैसे भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications