हार्दिक पांड्या की बढ़ गई मुश्किलें, टी20 वर्ल्ड कप में हो सकता है एक नया उपकप्तान, जानिए कौन है सबसे आगे
Hardik Pandya: कुछ समय पहले तक ऋषभ पन्त को लेकर यही सोचा जा रहा था कि क्या वह आईपीएल में खेल पाएंगे या टी20 वर्ल्ड कप तक फिट हो जाएंगे। अब ऐसा कुछ नहीं है। ऋषभ पन्त पूरी तरह से फिट होकर मैदान पर आए और बल्ले से धमाका करने में भी सफल रहे हैं।
एकदिवसीय वर्ल्ड कप के समय हार्दिक पांड्या चोटिल होकर बाहर हुए थे लेकिन आईपीएल के समय वह फिट होकर वापसी करने में सफल रहे हैं। हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन आईपीएल में खास नहीं रहा है। जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा भी की जानी है।

हार्दिक पांड्या को शायद ही उपकप्तान बनाया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की उपकप्तानी के लिए एक नया नाम सामने आया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार ऋषभ पन्त अब टीम इंडिया में उपकप्तानी के लिए एक मजबूत दावेदार हो सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी वही कर रहे हैं।
ऋषभ पन्त भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। जून 2022 में ऋषभ पन्त टीम इंडिया के कप्तान रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज में वह टीम इंडिया के कप्तान थे। जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में विकेटकीपर के तौर पर भी पन्त पहली पसंद होंगे।
टीम इंडिया के चयन को लेकर नेशनल सलेक्टर्स की बैठक 1 मई को होनी है। टीमों के घोषणा करने के लिए आईसीसी की डेडलाइन भी यही है। आईसीसी की डेडलाइन के अनुसार 1 मई तक टीम की घोषणा करनी होगी। पन्त को भारतीय टीम का उपकप्तान नियुक्त करने पर विचार किया जा सकता है। वह दिसम्बर 2022 तक टीम के उपकप्तान थे लेकिन कार दुर्घटना के बाद वह टीम से बाहर हो गए थे और पद गंवा बैठे थे।
हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन आईपीएल में खराब रहा है। वह गेंदबाजी में भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में टीम में उनकी जगह बनेगी या नहीं, यह भी देखने लायक बात होगी। पांड्या की जगह शिवम दुबे को टीम में शामिल किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications