'बड़ौदा के दो युवा लड़के जिन्होंने कभी हार नहीं मानी' इंटरनेट पर छाई हुई हैं पंड्या ब्रदर्स की ये तस्वीरें
आईपीएल के 51वें मैच में दो सगे भाईयों- हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या को एक साथ अपनी-अपनी टीम का नेतृत्व करते देखा गया। इस बीच हार्दिक द्वारा शेयर की गई बचपन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही हैं।

IPL 2023: आईपीएल का 16वां सीजन अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन इस सफर में हमने दिल्ली के दो लड़कों के बीच तकरार देखी, तो धोनी के चाहने वालों की लंबी कतार देखी, वहीं बड़ौदा के दो लड़के के बीच अटूट प्रेम की मिसाल भी देखी। हालांकि, अभी भी बहुत कुछ देखना बाकी है, क्योंकि टीमों के बीच असली महासंग्राम तो अब शुरू हुआ है। इस बीच जीटी के कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपने भाई क्रुणाल पांड्या के साथ बचपन की एक तस्वीर शेयर की है, जोकि अभी भी फैंस के बीच काफी पसंद की जा रही है।
दरअसल, आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या की जोड़ी एक- दूसरे के खिलाफ बतौर कप्तान मैच खेली। रविवार 7 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल के 51वें मैच में ऑलराउंडरों ने अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स का नेतृत्व किया।
एलएसजी के कार्यवाहक कप्तान क्रुणाल ने टॉस जीता और जीटी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इस मैच में रिद्धिमान साहा (81) और शुभमन गिल (94) के अर्धशतकों की बदौलत गत चैंपियन ने 227 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने उतरी एलएसजी को जीटी गेंदबाजों ने 171 रनों पर रोक दिया, और 56 रनों की विशाल जीत दर्ज की।
मैच के बाद हार्दिक ने ट्विटर पर दो तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया। पहली तस्वीर में उनके बचपन की एक पुरानी फोटो थी और दूसरी तस्वीर दोनों भाईयों के बतौर कप्तान खेले गए आईपीएल मैच की थी। हार्दिक पांड्या ने इन तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, 'बड़ौदा के सिर्फ दो युवा लड़के जिन्होंने अपने सपनों को कभी नहीं छोड़ा।'
दरअसल, आईपीएल का ये पहला ऐसा मैच था जहां दो सगे भाईयों- हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या को एक साथ अपनी-अपनी टीम का नेतृत्व करते देखा गया। इस बीच एक खास मौका तब आया, जब बड़े भाई क्रुणाल ने छोटे भाई का तूफानी कैच पकड़ लिया, और हार्दिक को वापस पवेलियन भेज दिया। तेज शॉट होने के कारण क्रुणाल अपने हाथ को झटकते नजर आये, जिसे देखकर हार्दिक मुस्कराते हुए वापस पवेलियन लौट गए।
इस मुकाबले के बीच जीटी के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि, 'हमारे पिता निश्चित रूप से गर्व महसूस करेंगे, यह मेरे परिवार के लिए एक भावनात्मक क्षण है।' आईपीएल में पहली बार दो भाई एक मैच के दौरान अपनी-अपनी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। हार्दिक पांड्या ने ये भी कहा कि 'परिवार गर्व महसूस कर रहा होगा, ऐसा पहली बार हुआ है।'












Click it and Unblock the Notifications