'उसकी स्पीड कम है फिर भी वो बनेगा T20 WC टीम का हिस्सा', इरफान ने बताया कौन होगा भारत का ऑलराउंडर
नई दिल्ली। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप 2021 में भारतीय टीम ने काफी शर्मनाक प्रदर्शन किया और पहले दो मैच में हार के बाद वो लीग स्टेज से ही बाहर हो गई, जिसके बाद से बीसीसीआई ने भारतीय टीम के आईसीसी खिताब का सूखा मिटाने के लिये कई बड़े फैसले लिये। बीसीसीआई ने टीम मैनेजमेंट समेत भारतीय टीम की कमान में भी बदलाव किया, जो कि पिछले कुछ महीनों में पूरी तरह से ऑस्ट्रेलिया में इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्वकप की तैयारियों में लगी हुई है। यूएई में खेले गये मल्टी नेशन टूर्नामेंट के दौरान भारत को एक ऑलराउंडर की कमी महसूस हुई तो वहीं पर टीम का मध्यक्रम भी काफी कमजोर नजर आया।

भारतीय टीम के पास हार्दिक पांड्या के रूप में विकल्प तो मौजूद था लेकिन पीठ की सर्जरी के बाद से वो लगातार गेंदबाजी करने में नाकाम रहे थे और टी20 विश्वकप में उनकी बल्लेबाजी फॉर्म भी नजर नहीं आयी। इसी की वजह से वो फिलहाल टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन उनके वापसी करने की उम्मीद बरकरार है। हालांकि इस बीच टीम मैनेजमेंट उनका विकल्प ढूंढने पर जोर दे रही है और इसी कोशिश में उसने आईपीएल 2021 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वेंकटेश अय्यर को मौका दिया है।
और पढ़ें: 'भारत के साथ 2 मैच ही निकाल देंगे पूरे साल का खर्चा', जून में आयरलैंड से T20 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया

हार्दिक का विकल्प बनकर उभरे हैं वेंकटेश अय्यर
टी20 विश्वकप के बाद से हार्दिक पांड्या ने खुद को फिट करने के लिये उपलब्ध नहीं बताया है तो वहीं पर टीम मैनेजमेंट ने वेंकटेश अय्यर को मध्यक्रम बल्लेबाज और गेंदबाजी के विकल्प के रूप में तैयार करना शुरू कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ खेली गई सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है।
आईपीएल में केकेआर के लिये बतौर ओपनर खेलने वाले वेंकटेश अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते 24*, 33, और 35* की अहम पारियां खेली और साथी खिलाड़ी के साथ साझेदारी कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इतना ही नहीं श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में जब उन्हें गेंदबाजी का मौका मिला तो उन्होंने कुल 6 ओवर्स गेंदबाजी की और 4 विकेट अपने नाम कर लिये हैं।

इरफान ने बताया क्यों हार्दिक से आगे हैं अय्यर
ऐसे में यह चर्चा का एक नया विषय बन गया है कि ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में भारतीय टीम किस ऑलराउंडर के साथ जाना चाहेगी। क्या टीम वेंकटेश अय्यर के साथ आगे जायेगी या फिर हार्दिक पांड्या समेत किसी और हरफनमौला खिलाड़ी की तरफ रुख कर सकती है। अब इस सवाल का जवाब भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने दिया है और उसका कारण भी बताया है। इरफान पठान के अनुसार वेंकटेश अय्यर फिलहाल इस रेस में सभी से आगे हैं। पठान ने आगे कहा कि भले ही उनकी गेंदबाजी में गति नहीं है लेकिन उनका कद ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर काफी अहम साबित हो सकता है।
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए पठान ने कहा,'फिलहाल, वेंकटेश अय्यर विश्वकप टीम के ऑलराउंडर की जगह हासिल करने में सभी से आगे हैं। छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उनका स्ट्राइक रेट 180 का है, दूसरे आपको उनकी गेंदबाजी में मिलने वाली उछाल को भी अहम मानना होगा। उनके पास गति नहीं है लेकिन उनके पास ऊंचा कद है, तो वो ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर तेज बाउंस हासिल कर सकते हैं, इस वजह से वो फिलहाल सबसे आगे हैं।'

हार्दिक को मौका बनाने के लिये आईपीएल में करना होगा प्रदर्शन
इरफान पठान ने आगे बात करते हुए कहा कि अगर हार्दिक पांड्या को अपना जरा सा भी मौका बचाना है तो उन्हें आने वाले आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करना होगा और यह प्रदर्शन सिर्फ बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से भी जरूरी है।
उन्होंने कहा,'अगर आप के पास दो विकल्प होते हैं, तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता, लेकिन फिलहाल वेंकटेश अय्यर इस रेस में हार्दिक पांड्या से कोसों आगे है। यहां तक कि चयनकर्ताओं ने भी साफ कर दिया है कि अगर वो गेंदबाजी नहीं करते हैं तो सिर्फ बल्लेबाज के रूप में उनका चयन कर पाना काफी मुश्किल है। हमें यह देखना होगा कि वो आईपीएल में कैसा प्रदर्शन करते है, वही उनके लिये आगे की राह तय करेगा।'












Click it and Unblock the Notifications