IND vs NZ: सेमीफाइनल देखने वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे हार्दिक पांड्या, स्टार ऑलराउंडर को देख खुश हुए फैंस
India vs New Zealand, 1st Semi-Final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबला आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा। भारतीय टीम लीग फेज के नौ मैचों में नौ जीत के साथ न सिर्फ पहले स्थान पर है, बल्कि आत्मविश्वास से भी भरी हुई है, जबकि कीवी टीम नौ मैचों में पांच जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची है। इस बीच फैंस के लिए एक अच्छी खबर ये है कि हाई-वोल्टेज मुकाबले को देखने के लिए हार्दिक पंड्या भी स्टेडियम में मौजूद हैं।
दरअसल, टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एंकल की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हाे गए हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। पंड्या 19 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे। इसके बाद वे एनसीए में रिहैब कर रहे थे।

बीसीसीआई की ओर से अपडेट आया था कि उनकी चोट में तेजी से सुधार हो रहा है। इस बीच अब पांड्या को भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में देखा गया है, जोकि फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। फैंस को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी 20 या फिर वनडे सीरीज में पांड्या की वापसी हो सकती है।
वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल को देखने के लिए कई मशहूर हस्तियां भी स्टेडिमय में मौजूद हैं। भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच देखने के लिए स्टार फुटबॉलर डेविड बेकहम और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी स्टेडियम पहुंचे हैं। इस दौरान जब फुटबॉल आइकन डेविड बेकहम वानखेड़े पहुंचे तो उन्होंने सचिन के साथ-साथ मैदान पर भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों से बातचीत भी की।
इसके अलावा बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर भी मैच देखने के लिए आए हैं। इस मैच में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भी शामिल होने की संभावना है। इन बड़े नामों के साथ-साथ एमसीए ने कई गणमान्य लोगों को भी आमंत्रित किया है। इन दिग्गजों के अलावा भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली, कप्तान रोहित शर्मा और रवीन्द्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव की वाइफ भी स्टेडियम में मुकाबला देख रही हैं।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस दौरान ओपनिंग करने आए कप्तान रोहित शर्मा उस समय सुर्खियों में आ गए जब वह विश्व कप में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। हिटमैन की इस उपलब्धि के बाद सोशल मीडिया पर फैंस में खुशी की लहर है।
हालांकि, हिटमैन ज्यादा समय तक क्रीज पर नहीं टिक सके। रोहित शर्मा 29 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से 47 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। विश्व कप में रोहित शर्मा के असाधारण प्रदर्शन ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे महान बल्लेबाजों में से एक के रूप में उनकी स्थिति को मजबूत कर दिया है। लगातार आसानी से छक्के मारने की उनकी क्षमता ने उन्हें प्रशंसकों और साथी क्रिकेटरों से समान रूप से प्रशंसा और सम्मान दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications