'साउथ अफ्रीका में जो हुआ, उसकी उम्मीद नहीं थी', कोहली को लेकर बोले हरभजन

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका दाैरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-2 से हार गई थी। यह टीम सबसे बड़ी हार मानी जा रही है, क्योंकि उनके पास पहली बार साउथ अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज जीतने का माैका था। दूसरा झटका टीम को उस समय लगा जब सीरीज खत्म होने के एक दिन बाद ही विराट कोहली ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। कोहली का फैसला हैरानी भरा था क्योंकि उन्होंने पिछले साल सितंबर में कहा था कि वह टी20आई कप्तान की भूमिका से हटने के बाद भारत के वनडे और टेस्ट कप्तान के रूप में बने रहना चाहते हैं।
हालांकि, कोहली को साउथ अफ्रीका दौरे से पहले वनडे कप्तानी से बर्खास्त कर दिया गया था और उन्होंने टेस्ट कप्तान के रूप में अपने 7 साल के लंबे कार्यकाल का अंत फिर खुद किया। अब भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने इन सब घटनाओं पर खुलकर राय रखी। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम से साउथ अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने की उम्मीद थी, लेकिन जो हुआ उसकी उम्मीद नहीं थी।
यह भी पढ़ें- हार्दिक पांड्या बोले- उसने मुझे बहुत आजादी दी, वो चाहता था कि मैं अपने दम पर सीखूं

कोहली को लेकर कही ये बात
स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए हरभजन ने कहा, "विराट कोहली ने टेस्ट कप्तानी छोड़ी। ऐसे में मुझे लगता है कि उनके फैसले से टीम में बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा है। बहुत से लोग सोच रहे हैं कि कोहली के साथ गलत हुआ। अगर विराट कोहली असुरक्षित हैं, तो अन्य खिलाड़ियों के साथ भी कुछ हो सकता है। लेकिन उनके कप्तानी छोड़ने के पीछे क्या कारण हैं, केवल कोहली को ही पता है। लेकिन मुझे लगता है कि दौरे के दौरान कप्तानी छोड़ने से टीम को निश्चित तौर पर एक छोटा झटका लगा है।''

जीतने का माैका चूक गया भारत
हरभजन ने यह भी कहा कि कागजों पर दोनों पक्षों के बीच गुणवत्ता की खाई को देखते हुए भारत को लगेगा कि साउथ अफ्रीका में वनडे और टेस्ट सीरीज जीतने का एक मौका चूक गया है। भारत फरेवट माना जा रहा था और सेंचुरियन में पहला टेस्ट भी जीता। हालांकि, आखिरी दो टेस्ट में मेजबान ने बाजी मार ली। भारत कभी भी इस झटके से उबर नहीं पाएगा क्योंकि वे साउथ अफ्रीका से फिर बिना टेस्ट सीरीज जीते लाैट आए हैं।
हरभजन ने कहा, "साउथ अफ्रीका में जो हुआ, उसकी उम्मीद नहीं थी। टीम इंडिया वहां गई और मुझे लगा कि यह साउथ अफ्रीका को हराने का एक अच्छा मौका है क्योंकि इससे पहले साउथ अफ्रीका मजबूत होती थी, लेकिन इस बार वे मजबूत नहीं थे। लेकिन भारतीय टीम ऐसी अफ्रीकी टीम से हार गई जो इतनी मजबूत नहीं थी। मुझे नहीं लगता कि उनके पास कई नामी खिलाड़ी हैं और अगर आप उनके गेंदबाजों को देखें तो वे भी इस समय उतने महान नहीं हैं। टेस्ट सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया भी सोच रही होगी कि उन्होंने एक अच्छा मौका खो दिया क्योंकि यह उनका सबसे बड़ा मौका था।''

नहीं है डिविलियर्स जैसे खिलाड़ी
उन्होंने आगे कहा, "अगर आप साउथ अफ्रीका की टीम पर नजर डालें तो उनके पास न तो एबी डिविलियर्स जैसा कोई है, न ही फाफ डु प्लेसिस और न ही डेल स्टेन और न ही जैक्स कैलिस जैसे खिलाड़ी हैं। तो यह एक बड़ा मौका था जिसे टीम इंडिया ने गंवा दिया है।" बता दें कि फिलहाल बीसीसीआई ने नए टेस्ट कप्तान की घोषणा नहीं की है। हालांकि माना जा रहा है कि रोहित शर्मा को ही कप्तानी दी जा सकती है जो सीमित ओवरों के कप्तान हैं। भारत अब फरवरी में घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20आई सीरीज खेलेगा, जिसमें कोहली भी शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications