OTT Releases This Friday: घर बैठे देखें 'दृश्यम 3' से 'हनुमान अंश' तक, स्ट्रीम होंगी ये 7 फिल्में-सीरीज
OTT Releases This Friday: वीकेंड शुरू होते ही ओटीटी दर्शकों के बीच नई फिल्मों और वेब सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ जाती है। हर कोई चाहता है कि शुक्रवार को घर बैठे मनोरंजन का भरपूर इंतजाम हो और परिवार या दोस्तों के साथ कुछ नया देखने को मिले। अगर आप भी इस शुक्रवार अपनी वीकेंड वॉचलिस्ट तैयार कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। 27 नवंबर 2026 को बॉलीवुड से लेकर साउथ और हॉलीवुड तक की कई शानदार फिल्में और सीरीज अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही हैं।
वीकेंड पर घर बैठे देखें फिल्में-सीरीज
इस लिस्ट में अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' से लेकर बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित 'हनुमान अंश' और कई दिलचस्प क्षेत्रीय फिल्में शामिल हैं। तो आइए जानते हैं इस शुक्रवार कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं और इन्हें आप किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।

शुक्रवार कौन-कौन सी फिल्में और सीरीज रिलीज होंगी-
1. दृश्यम: द कन्क्लूजन (Drishyam: The Conclusion)
-अजय देवगन की लोकप्रिय क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'दृश्यम' की अगली और आखिरी कड़ी 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद फिल्म के डिजिटल प्रीमियर का दर्शकों को इंतजार था।
-इस फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और रजत कपूर भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौटे हैं। वहीं जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री ने फिल्म को और खास बना दिया है। अगर आपको सस्पेंस, मर्डर मिस्ट्री और दिमाग घुमा देने वाले ट्विस्ट पसंद हैं, तो यह फिल्म आपकी वीकेंड वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
कहां देखें: नेटफ्लिक्स (Netflix)
रिलीज डेट:27 नवंबर 2026
2. हनुमान अंश (Hanuman Ansh)
-धार्मिक और आध्यात्मिक कहानियों में दिलचस्पी रखने वाले दर्शकों के लिए 'हनुमान अंश' एक खास विकल्प हो सकती है। बाबा नीम करौली के जीवन से प्रेरित इस फिल्म ने सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के दौरान दर्शकों का ध्यान खींचा था।
-फिल्म में बाबा नीम करौली के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और उनसे जुड़ी मान्यताओं को पर्दे पर पेश किया गया है। अब थिएटर के बाद यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है। ऐसे में जो दर्शक इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाए थे, उनके पास घर बैठे इसे देखने का मौका होगा।
कहां देखें: सोनीलिव (SonyLIV)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
3. ढाई चाल (Dhai Chaal)
-अगर आपको राजनीति, कॉलेज लाइफ और सत्ता के खेल से जुड़ी कहानियां पसंद हैं, तो 'ढाई चाल' आपके लिए दिलचस्प साबित हो सकती है। ये एक पॉलिटिकल ड्रामा है, जिसकी कहानी कॉलेज स्टूडेंट लीडर मयूर भारद्वाज के इर्द-गिर्द घूमती है। इस किरदार को गगन अरोड़ा ने निभाया है।
-कहानी में मयूर कॉलेज चुनावों में हिस्सा लेता है लेकिन बाहरी राजनेताओं के दखल के कारण वह धीरे-धीरे राजनीति के मुश्किल जाल में फंस जाता है। इस दौरान उसे कई चुनौतीपूर्ण गठबंधनों और मुश्किल फैसलों का सामना करना पड़ता है। उसे समझ आता है कि राजनीति में हर कदम का अपना परिणाम होता है और किसी पर भरोसा करना भी जोखिम भरा हो सकता है।
कहां देखें: जियो हॉटस्टार (JioHotstar)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
4. आदर्श कुटुंबम (Adarsha Kutumbam)
-साउथ सिनेमा के दर्शकों के लिए 'आदर्श कुटुंबम' भी इस शुक्रवार ओटीटी पर उपलब्ध होने जा रही है। वेंकटेश की ये फैमिली ड्रामा फिल्म सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी लेकिन इसके डिजिटल प्रीमियर को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
-फिल्म पारिवारिक रिश्तों, आपसी समझ और जीवन से जुड़े उतार-चढ़ाव को दिखाती है। अगर आप इस वीकेंड हल्की-फुल्की पारिवारिक फिल्म देखना चाहते हैं, तो इसे अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
कहां देखें: नेटफ्लिक्स (Netflix)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
5. गरिविदि लक्ष्मी (Garividi Lakshmi)
-तेलुगू सिनेमा की म्यूजिकल बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म 'गरिविदि लक्ष्मी' भी 27 नवंबर 2026 को ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। गौरी नायडू जम्मुलु के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आनंदी, राग मयूर, नरेश, रासी, एलबी श्रीराम और श्रीनिवास अवसराला अहम भूमिकाओं में हैं।
-फिल्म की कहानी एक उभरते हुए फिल्ममेकर की है, जो रेड्डी विजया लक्ष्मी के जीवन को कैमरे में दर्ज करने के लिए गरिविदि गांव पहुंचता है। रेड्डी विजया लक्ष्मी उत्तरी आंध्र की मशहूर 'बुर्रकथा' कलाकार रही हैं, लेकिन समय के साथ उनकी कहानी लोगों की यादों से लगभग गायब हो चुकी है। ये फिल्म एक ऐसी कलाकार की जिंदगी और उसकी कला को सामने लाने की कोशिश करती है, जिसके योगदान को अब दोबारा याद किए जाने की जरूरत है।
कहां देखें: अेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
6. लॉ एंड ऑर्डर (Law and Order)
-मलयालम सिनेमा पसंद करने वालों के लिए 'लॉ एंड ऑर्डर' भी इस शुक्रवार रिलीज हो रही है। रंजीत की इस एक्शन ड्रामा फिल्म में प्रकाश वर्मा, लिमसन के. सनी, जॉय मैथ्यू, सुरेश कृष्णा, अभिरामी, शंकर रामकृष्णन और वी.के. प्रकाश जैसे कलाकार नजर आएंगे।
-फिल्म की कहानी बालागोपाल नाम के एक ईमानदार अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। वह एक खतरनाक अंडरग्राउंड नेटवर्क को खत्म करने के लिए हाल ही में पुलिस अकादमी से पास हुए पांच युवाओं की मदद लेते हैं। इसके बाद कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं। फिल्म का सबसे खास आकर्षण ममूटी का कैमियो बताया जा रहा है। वह साल 2004 की फिल्म 'ब्लैक' में निभाए अपने चर्चित किरदार शान शान को एक बार फिर पर्दे पर दोहराते नजर आएंगे।
कहां देखें: मनोरमा मैक्स (Manorama Max)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
7. द चाइल्ड (The Child)
-हॉलीवुड और इंटरनेशनल सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए 'द चाइल्ड' एक भावनात्मक कहानी लेकर आ रही है। फर्नांडो अरामबुरु के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित यह स्पेनिश फिल्म बास्क कंट्री में हुई एक दर्दनाक घटना के बाद परिवार की जिंदगी में आए बदलावों को दिखाती है।
-कहानी साल 1980 की है, जब एक स्कूल में गैस विस्फोट के दौरान नौ साल के नुको की मौत हो जाती है। इस हादसे के बाद उसकी मां और दादा गहरे सदमे से गुजरते हैं। दोनों इस असहनीय दुख से बाहर निकलने और अपनी जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश करते हैं। भावनात्मक रिश्तों और पारिवारिक दुख को करीब से दिखाने वाली यह फिल्म उन दर्शकों को पसंद आ सकती है, जिन्हें गंभीर और संवेदनशील कहानियां देखना पसंद है।
कहां देखें: नेटफ्लिक्स (Netflix)
रिलीज डेट: 27 नवंबर 2026
इस शुक्रवार ओटीटी पर क्राइम थ्रिलर, पॉलिटिकल ड्रामा, फैमिली एंटरटेनमेंट, आध्यात्मिक कहानी और इमोशनल फिल्म जैसी कई अलग-अलग पसंद के विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में आप अपनी पसंद के मुताबिक इन फिल्मों और सीरीज को वीकेंड वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
