'वो अगला टेस्ट नहीं खेलता है तो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होगा', गंभीर को सता रही चिंता

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम माैजूदा समय साउथ अफ्रीका दाैरे पर है जहां तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच जीत चुकी है। दूसरे टेस्ट का नतीजा आना बाकी है जिसमें फिलहाल साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी लग रहा है। अगर भारत के हाथ से किसी तरह दूसरा मैच निकल जाता है तो फिर उसे तीसरा टेस्ट जो 11 जनवरी से शुरू हो रहा है, हर हाल में जीतना होगा ताकि साउथ अफ्रीका की धरती पर पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का सूखा समाप्त हो जाए। लेकिन इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर गाैतम गंभीर ने अपनी राय देते हुए उस खिलाड़ी का नाम बताया जिसे हर हाल में अगले टेस्ट में जगह देनी चाहिए। उनके अनुसार, अगर वो नहीं खेलता है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा।
यह भी पढ़ें- सिर्फ एक रास्ता जो खत्म करेगा कोहली और गांगुली का विवाद, शास्त्री ने बताया

गंभीर को सता रही है चिंता
पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में 11 जनवरी से शुरू हो रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट के लिए हनुमा विहारी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहिए। विहारी को सेंचुरियन में बॉक्सिंग डे टेस्ट से बाहर रखा गया था, क्योंकि भारत ने अजिंक्य रहाणे को प्लेइंग इलेवन में उतारने का फैसला किया था। लेकिन जोहान्सबर्ग टेस्ट शुरू से पहले कोहली बाहर हो गए जिस कारण विहारी को टीम में शामिल होने का मौका मिला। हालांकि रहाणे और चेतेश्वर पुजारा दोनों ने 111 रनों की साझेदारी की, साथ ही अर्धशतक जमाए। वहीं विहारी ने भी नाबाद 40 रनों की पारी खेली। हालांकि, गंभीर ने माना कि अगर विहारी अगले मैच से चूकते हैं तो वे बेहद बदकिस्मत होंगे, क्योंकि अगर वो रहाणे के नंबर पर बल्लेबाजी करते तो उन्होंने भी अर्धशतक बनाया होता।

...तो शायद वह भी अर्धशतक लगा देते
गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान कहा, "अगर हनुमा विहारी अगला टेस्ट नहीं खेलता है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होगा क्योंकि अगर रहाणे ने अर्धशतक बनाया है, तो हनुमा विहारी ने भी नाबाद 40 रनों की पारी खेली है। यदि हनुमा विहारी रहाणे के बजाय उस नंबर पर बल्लेबाजी करते, तो शायद वह भी अर्धशतक लगा देते। विहारी ने जिस नियंत्रण से दोनों पारियों में बल्लेबाजी की है, आप ऐसे बल्लेबाज को माैका देना चाहते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए कि आप उसे एक मैच में माैका दें फिर उसे बाहर कर दें और वो फिर अगला टेस्ट छह महीने या एक साल बाद खेले।"

उसे सपोर्ट करने का समय आ गया
केपटाउन टेस्ट के लिए भारतीय बल्लेबाजी क्रम के बारे में सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि विहारी को पांचवें नंबर पर रखा जाना चाहिए जबकि वापसी करने वाले कप्तान को चौथे नंबर पर बने रहना चाहिए। गंभीर ने कहा, "हम काफी समय से देखते आ रहे हैं कि रहाणे ने क्या प्रदर्शन किया है। मुझे लगता है कि जब विराट कोहली अगले टेस्ट मैच में आते हैं तो वह रहाणे की जगह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और विहारी पांचवें नंबर पर उतर सकते। यह सही कदम होगा और सही दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता है क्योंकि अगर टीम प्रबंधन ने रहाणे को इतना सपोर्ट किया है, तो हनुमा विहारी को भी उतना ही सपोर्ट करने का समय आ गया है। विहारी दोनों पारियों में बहुत मजबूत दिखे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications